झांसी। स्किल्ड इंडिया सोसाइटी की ओर से ‘ स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर जनपद के बिजौली तालाब पर नौका तिरंगा यात्रा’ का आयोजन किया गया। जल की लहरों पर लहराते तिरंगे और गूंजते देशभक्ति के नारों ने माहौल को राष्ट्रप्रेम से सराबोर कर दिया। यात्रा में युवाओं सहित बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

मुख्य अतिथि भाजपा के निवर्तमान जिलाध्यक्ष हेमन्त सिंह परिहार ने कहा कि जल पर निकाली गई तिरंगा यात्रा राष्ट्रप्रेम, एकता, अखंडता और देश के प्रति समर्पण का जीवंत संदेश है। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है और प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह इसके सम्मान के साथ राष्ट्र की एकता और गौरव को मजबूत करे।
स्किल्ड इंडिया सोसाइटी के निदेशक नीरज सिंह ने जलाशयों के संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन पर जोर देते हुए लोगों से जल स्रोतों को स्वच्छ और सुरक्षित रखने का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि देश के प्रति जिम्मेदारी प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा से भी जुड़ी है।
कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष निर्मल कुशवाहा, किशोरी रायकवार, धर्मेंद्र पाठक, सत्य प्रकाश राजपूत, राजेश राजपूत, मोनू परिहार, मोनू कुशवाहा, मुकेश ठेकेदार, मोहित परिहार, मनोज प्रजापति सहित बड़ी संख्या में नागरिक और युवा मौजूद रहे। पूर्व पार्षद किशोरी रायकवार ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
