झांसी । मतदाता सूची से छूटे पात्र लोगों और पहली बार मतदान करने वाले युवाओं के नाम जोड़ने के लिए जिले में विशेष अभियान चलाया जाएगा।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी शिव प्रताप शुक्ल ने शुक्रवार को राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर अभियान की रूपरेखा साझा की और सहयोग मांगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।
अभियान के तहत बूथ स्तरीय अधिकारी पुरानी और वर्तमान मतदाता सूचियों का मिलान करेंगे। जिन मतदाताओं के नाम पहले की सूची में दर्ज थे, लेकिन वर्तमान सूची में नहीं हैं, उन्हें चिह्नित कर घर-घर जाकर सत्यापन किया जाएगा। छूटे हुए पात्र नागरिकों और नए युवा मतदाताओं से फार्म-6 भरवाकर नाम जुड़वाने की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी।
मतदाताओं की पहचान के लिए तैयार सूची राजनीतिक दलों के बूथ स्तरीय अभिकर्ताओं से भी साझा की जाएगी। इसके अलावा विशेष शिविर लगाकर और शिक्षण संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम चलाकर युवाओं को पंजीकरण के लिए प्रेरित किया जाएगा। अभियान की नियमित समीक्षा भी होगी।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 11 अक्टूबर को इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) की प्रथम स्तरीय जांच के तहत मॉक पोल कराया जाएगा। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से इसमें उपस्थित रहने की अपील की।
