झांसी । महानगर के प्रेम नगर थाना क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक मकान में सिलेंडर फटने से भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि देखते ही देखते पूरे कमरे को अपनी चपेट में ले लिया और घर का सामान जलकर राख हो गया। राहत की बात ये रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
झांसी के प्रेम नगर थाना क्षेत्र के नैनागढ़ चौकी के पास खाती बाबा इलाके में रहने वाले जगदीश सिंह के मकान में यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि घर के ऊपर बने कमरे में मंदिर में रखे दिए से आग लगी । इसी दौरान किसी तरह आग सिलेंडर तक पहुंच गई, जिसके बाद सिलेंडर फटने से जोरदार विस्फोट हो गया।
विस्फोट के बाद कमरे में भीषण आग लग गई और आग तेजी से फैलने लगी। घर में मौजूद लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए बाकी सिलेंडरों को बाहर निकाला और आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग पर काबू पाना मुश्किल हो गया।

सूचना मिलते ही नैनागढ़ चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। काफी मशक्कत के बाद दमकल टीम ने आग पर काबू पाया।हालांकि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन कमरे में रखा लगभग सारा सामान जलकर खाक हो गया, जिससे परिवार को भारी नुकसान हुआ है।
