झांसी । यात्रियों को उच्च गुणवत्ता, स्वच्छ एवं मानक अनुरूप खाद्य सामग्री तथा उपयोगी वस्तुएँ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से झांसी मंडल द्वारा नियमित रूप से सघन जांच अभियान चलाए जा रहे हैं।
मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार के मार्गदर्शन में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अमन वर्मा के निर्देशन तथा मंडल वाणिज्य प्रबंधक पंकज कुमार त्रिपाठी एवं सहायक मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनिल कुमार श्रीवास्तव द्वारा इसी क्रम में वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी रेलवे स्टेशन पर वृहद जांच अभियान संचालित किया गया।
जांच अभियान के दौरान रेलवे स्टेशन पर संचालित कैटरिंग स्टॉलों के साथ-साथ विभिन्न ट्रेनों में उपलब्ध कराई जा रही खाद्य एवं बिक्री सामग्री की सघनता से जांच की गई। जांच के दौरान निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाई गई सामग्री को तत्काल जब्त कर नियमानुसार LPO में जमा कराया गया।
अभियान के दौरान कुछ विक्रेताओं द्वारा यात्रियों को एनर्जी ड्रिंक, बेल्ट, स्लिपर्स, गजक, बिस्किट, मसाले आदि निर्धारित मानकों के अनुरूप न होने वाली अथवा अनियमित सामग्री के रूप में बेचे जाने के मामले सामने आए। इन अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विक्रेताओं के विरुद्ध नियमानुसार भारी जुर्माना अधिरोपित करने की कार्रवाई प्रारंभ की गई।
जांच के दौरान कुछ कैटरिंग स्टॉलों पर उपलब्ध पनीर की गुणवत्ता भी संदिग्ध पाए जाने पर उसका नमूना विधिवत एकत्र कर परीक्षण हेतु भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। इसके अतिरिक्त स्टॉल्स एवं उसके आस पास गंदगी रखने पर भी स्टॉल / पैंट्री संचालकों को कड़ी चेतावनी दी गई
रेल प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि यात्रियों को स्वच्छ, गुणवत्तापूर्ण एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। इस दिशा में जांच अभियान निरंतर जारी रहेगा तथा खाद्य गुणवत्ता, निर्धारित मूल्य एवं अन्य वाणिज्यिक नियमों का उल्लंघन करने वाले विक्रेताओं के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
