झांसी। भारतीय अंडर-18 हॉकी टीम को 14 वर्ष की उम्र में झांसी के केतन कुशवाहा ने अपनी कप्तानी में एशिया कप का खिताब दिलाकर जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। भारतीय टीम ने 29 मई से 6 जून 2026 तक आयोजित अंडर-18 हॉकी एशिया कप में शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया।

विजय के बाद गृह जनपद झांसी पहुंचने पर केतन कुशवाहा का भव्य स्वागत किया गया। बड़ी संख्या में लोगों ने उनका अभिनंदन करते हुए इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर खुशी जताई। उपस्थित लोगों ने कहा कि केतन की यह सफलता जिले के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है और पूरे देश को उन पर गर्व है।
इंडियन वेटरन ऑर्गेनाइजेशन, झांसी के पूर्व सैनिकों ने भी केतन कुशवाहा को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। संगठन के सदस्यों ने भारतीय टीम के शानदार प्रदर्शन और केतन के नेतृत्व क्षमता की सराहना की।
स्वागत समारोह में आर.डी. फौजी, जनक सिंह, इंद्रपाल सिंह, मातादीन, आर.के. फौजी, शिवदीन, धन सिंह, राम सहाय, कैलाश और लखन लाल सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक उपस्थित रहे। इसके अलावा कुशवाहा समाज एवं अन्य समाजों के सैकड़ों प्रबुद्ध नागरिकों ने भी समारोह में भाग लेकर केतन को शुभकामनाएं दीं।
वैभव सिंह
