झांसी। महानगर में बढ़ते अतिक्रमण और जाम की समस्या से आमजन को राहत दिलाने के लिए नगर निगम ने बड़ी पहल करते हुए 11 सदस्यीय समिति का गठन किया है। समिति शहर के भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिक्रमण की स्थिति का निरीक्षण कर अपनी रिपोर्ट महापौर बिहारी लाल आर्य को सौंपेगी, जिसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

नगर निगम में महापौर की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में यह निर्णय लिया गया। बैठक में नगर निगम के अधिकारियों के साथ अतिक्रमण हटाने की रणनीति पर चर्चा की गई।
गठित समिति में अपर नगर आयुक्त राहुल यादव, संबंधित जोनल अधिकारी, मुख्य अभियंता, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक, अवर अभियंता तथा उपसभापति आशीष तिवारी, नरेंद्र नामदेव, दिनेश प्रताप सिंह ( बंटी राजा), सुशील दुबे, सुनील नैनवानी और संबंधित क्षेत्रीय पार्षद को शामिल किया गया है।
महापौर ने निर्देश दिए कि आईजीआरएस से प्राप्त शिकायतों को छोड़कर समिति मौके का निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी। रिपोर्ट के आधार पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
शहर में जहां भी अतिक्रमण पाया जाएगा, वहां कार्रवाई से पहले लगातार तीन दिन तक माइक से मुनादी कर लोगों को चेतावनी दी जाएगी। इसके बाद ही अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।बैठक में नगर आयुक्त आकांक्षा राणा, अपर नगर आयुक्त रोली गुप्तासहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
