झांसी विकास प्राधिकरण

अवैध निर्माणों पर झांसी विकास प्राधिकरण का शिकंजा, कोचिंग संस्थान समेत दो परिसरों पर सीलिंग

//

झांसी। अवैध निर्माणों और बिना स्वीकृत मानचित्र संचालित व्यावसायिक गतिविधियों के खिलाफ झांसी विकास प्राधिकरण ने कार्रवाई तेज कर दी है। गुरुवार को प्राधिकरण की प्रवर्तन टीम ने शहर के दो अलग-अलग स्थानों पर सीलिंग की कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माणों पर शिकंजा कसा। झांसी विकास प्राधिकरणप्राधिकरण से प्राप्त जानकारी के अनुसार शिवपुरी रोड स्थित पहूज नदी पुल के पास लगभग 500 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में निर्मित एक व्यावसायिक परिसर को सील किया गया। यह निर्माण ओम प्रकाश अग्रवाल द्वारा कराया गया बताया गया है। आरोप है कि यहां बिना स्वीकृत मानचित्र के व्यावसायिक गतिविधियों का संचालन किया जा रहा था।

इसके अलावा सीपरी बाजार स्थित श्री सनातन धर्म कन्या इंटर कॉलेज परिसर में संचालित टेक्नोक्रेट्स कोचिंग संस्थान पर भी सीलिंग की कार्रवाई की गई। प्राधिकरण के अनुसार संस्थान का संचालन निर्धारित मानकों और स्वीकृतियों के बिना किया जा रहा था।

अधिकारियों ने बताया कि दोनों मामलों में पूर्व में नियमानुसार नोटिस जारी किए गए थे तथा सीलिंग के आदेश पारित किए जा चुके थे। आदेशों के अनुपालन में गुरुवार को प्रवर्तन दल ने पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई को अंजाम दिया।कार्रवाई अधिशासी अभियंता के नेतृत्व में की गई, जिसमें झांसी विकास प्राधिकरण के सहायक अभियंता एवं अवर अभियंता भी मौजूद रहे।

गौरतलब है कि हाल ही में लखनऊ में एक कोचिंग संस्थान में हुए अग्निकांड के बाद शासन ने कोचिंग संस्थानों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और बहुमंजिला भवनों की सुरक्षा एवं वैधानिक स्थिति की जांच के निर्देश दिए हैं। इसके बाद झांसी में भी प्रशासन और विकास प्राधिकरण ने अवैध निर्माणों तथा बिना अनुमति संचालित संस्थानों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में शहर के अन्य क्षेत्रों में भी इसी तरह की कार्रवाई देखने को मिल सकती है।

वैभव सिंह
बुंदेलखंड कनेक्शन

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Previous Story

राम मंदिर में चोरी और घोटाले के विरोध में झांसी में कांग्रेस का प्रदर्शन

Next Story

नाले की सफाई के बाद मलबा उठाने पहुंची जेसीबी नाले में गिरी

Latest from Jhansi

error: Content is protected !!