झांसी। झांसी रेलवे स्टेशन पर एक ऑटो चालक ने ईमानदारी की मिसाल पेश करते हुए महिला यात्री का लाखों रुपये के जेवरात से भरा बैग वापस लौटाकर सराहनीय कार्य किया। इस पर रेलवे पुलिस अधीक्षक, झांसी ने ऑटो चालक को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

जानकारी के अनुसार, थाना जीआरपी झांसी को 30 जून को सुनीता पत्नी ओंकार नाथ निवासी गुमनावारा, थाना नवाबाद ने सूचना दी कि वह 29 जून को प्रयागराज एक्सप्रेस से बांदा से झांसी आई थीं। स्टेशन से घर जाने के लिए ऑटो में बैठने के दौरान उनका खाकी-हरे रंग का बैग ऑटो में ही छूट गया। बैग में सोने-चांदी के जेवरात सहित अन्य जरूरी सामान रखा था।
सूचना मिलने पर जीआरपी झांसी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए स्टेशन परिसर के सीसीटीवी कैमरों की जांच की और ऑटो की पहचान की। संपर्क किए जाने पर ऑटो चालक शिवा पुत्र टिंकू निवासी भट्टेगांव, थाना सदर, झांसी स्वयं बैग लेकर जीआरपी थाने पहुंच गया। इसके बाद महिला यात्री को बुलाकर उनका बैग और उसमें रखा पूरा सामान सुपुर्द कर दिया गया।
महिला यात्री ने जीआरपी की तत्परता और ऑटो चालक की ईमानदारी की सराहना की। रेलवे पुलिस अधीक्षक ने ऑटो चालक शिवा को समाज में ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करने पर प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
