झांसी। अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर सोमवार को कुंजबिहारी मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण के चरण दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा।
सिविल लाइन ग्वालियर रोड स्थितमंदिर में हजारों भक्त भगवान श्री कुंजबिहारी सरकार एवं राधिका जू की मनोहारी छवि के दर्शन के लिए दिनभर मंदिर पहुंचते रहे।

मंदिर में प्रातः 7 बजे से ही दर्शन का क्रम शुरू हो गया, जो देर रात तक चलता रहा। सुबह सभी विग्रहों का विधि-विधान से अभिषेक एवं श्रृंगार कर भव्य झांकी सजाई गई। इसके साथ ही भगवान श्रीकृष्ण और राधिका जू के चरणों में आकर्षक फूल बंगला सजाया गया, जिसकी सुगंध से पूरा मंदिर परिसर महक उठा। श्रद्धालु भगवान के दर्शन कर भावविभोर होते नजर आए।
सायंकाल 5 बजे से विद्वत परिषद, कर्मकांडी विप्रजनों, साधु-संतों एवं श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। वहीं प्रातः 9 से 11 बजे तथा सायं 6 से 9 बजे तक शास्त्रीय संगीत एवं समाज गायन का आयोजन हुआ, जिसमें बुंदेलखंड के ख्यातिप्राप्त कलाकारों ने भक्ति पद प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
इस अवसर पर बुंदेलखंड धर्माचार्य महंत राधामोहन दास महाराज ने बताया कि अक्षय तृतीया के दिन किया गया दान-पुण्य कभी क्षय नहीं होता। उन्होंने कहा कि इसी दिन भगवान श्रीकृष्ण ने माता यशोदा सहित ब्रजवासियों को भगवान बद्रीनारायण के दर्शन कराए थे, जिससे इस पर्व का महत्व और बढ़ जाता है।
कार्यक्रम के अंत में धर्माचार्य ने भंडारे में शामिल साधु-संतों एवं विप्रजनों को दक्षिणा भेंट कर विदा किया तथा रात्रि शयन आरती के पश्चात सभी श्रद्धालुओं को आशीर्वाद प्रदान किया। मंदिर की व्यवस्थाएं पुजारी बालकदास, मनु महाराज एवं व्यवस्थापक पवनदास द्वारा संभाली गईं।
