झांसी | पांच राज्यों के चुनाव परिणामों की मतगणना के बीच पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक विजय के उपलक्ष्य में वीरांगना नगरी झांसी में पार्टी कार्यकर्ताओं ने जोरदार जश्न मनाया। इस दौरान कार्यकर्ताओं के बीच विशेष रूप से बंगाल की प्रसिद्ध झालमुढ़ी और बंगाली मिठाइयां वितरित की गईं।
सुबह से ही मतगणना शुरू होने के साथ भाजपा की मजबूत स्थिति के संकेत मिलने लगे थे। जैसे-जैसे परिणाम स्पष्ट होते गए, कार्यकर्ता बड़ी संख्या में तहसील स्थित पार्टी कार्यालय पर जुटने लगे। जिला अध्यक्ष सुधीर सिंह ने सबसे पहले कार्यालय पहुंचकर जश्न की तैयारियां शुरू कराईं।

टीवी स्क्रीन पर बंगाल में पार्टी की बढ़ती बढ़त देखकर कार्यकर्ताओं का उत्साह चरम पर पहुंच गया। देखते ही देखते पार्टी कार्यालय पर ढोल-नगाड़े बजने लगे, कार्यकर्ताओं ने झंडे लहराए और जमकर आतिशबाजी की। पूरे परिसर में “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारों की गूंज सुनाई दी।
क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कहा:
इस अवसर पर क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता ममता सरकार के शासन से त्रस्त हो चुकी थी। वहां लंबे समय से अराजकता और गुंडाराज का माहौल था। जनता ने इस बार स्पष्ट संदेश दे दिया है कि जनसेवा और विकास के लिए भारतीय जनता पार्टी ही एकमात्र विकल्प है।
जिला अध्यक्ष सुधीर सिंह ने कहा:
जिला अध्यक्ष सुधीर सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनकल्याणकारी नीतियों और अथक परिश्रम का परिणाम है कि आज देशभर में भाजपा की जीत का परचम लहरा रहा है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रवाद, सनातन मूल्यों और मातृशक्ति के सम्मान के मुद्दों पर जनता ने भाजपा के पक्ष में मतदान कर विपक्ष को करारा जवाब दिया है।
उन्होंने यह भी कहा कि देश की जनता अब विकास, सुशासन और मजबूत नेतृत्व के साथ खड़ी है, जिसका परिणाम चुनाव नतीजों में साफ दिखाई दे रहा है।
विधायक रवि शर्मा ने कहा:
विधायक रवि शर्मा ने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता लंबे समय से अव्यवस्था और भय के माहौल से परेशान थी। वहां की सत्ता ने लोक कल्याणकारी योजनाओं से लोगों को वंचित रखा और विकास कार्यों की अनदेखी की। भाजपा ने “4 मई, दीदी गई” का जो नारा दिया था, वह आज साकार होता नजर आ रहा है।
उन्होंने महिलाओं के मुद्दे को उठाते हुए कहा कि राज्य में महिलाओं को उनके अधिकारों से वंचित रखा गया। जब तक मातृशक्ति का समर्थन था, तब तक सरकार मजबूत रही, लेकिन जैसे ही महिलाओं के हितों की अनदेखी हुई, जनता ने बदलाव का मन बना लिया।
इस अवसर पर सदर विधायक रवि शर्मा, बबीना विधायक राजीव सिंह परीक्षा, एमएलसी रामतीर्थ सिंघल, एमएलसी रमा निरंजन, विधायक गरौठा जवाहर राजपूत, राम नरेश तिवारी, चित्रा सिंह, जमुना कुशवाहा, अनुपमा लोधी,हर्ष द्विवेदी ,मुकेश मिश्रा, मनमोहन गेडा, विकास कुशवाहा, अरविन्द राजपूत, मनू सिंह, रानु देवालिया, संजीव अग्रवाल लाला, कपिल बिरसैनिया, अमर सिंह कुशवाहा, अभिषेक जैन, संजय पटवारी, देवेन्द्र दुबे, विनीत खटीक, मीनू राजावत, प्रियांशु डे, मोहित पोरवाल, शैलेन्द्र परमार, हेमन्त पांचाल, चेतन ओझा, उमाशंकर राय, कमलेश परिहार, सुरेंद्र सिंह पाल सहित पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
