बुंदेलखंड निर्माण मोर्चा

बुंदेलखंड निर्माण मोर्चा का प्रदर्शन, नए राज्य गठन और परिसीमन की उठाई मांग

//

झांसी। बुंदेलखंड निर्माण मोर्चा के बैनर तले गुरुवार को अध्यक्ष भानु सहाय के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने गांधी पार्क से कलेक्ट्रेट तक जुलूस निकालकर बुंदेलखंड राज्य के गठन की मांग उठाई। प्रदर्शन के बाद प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन प्रशासन को सौंपा गया।

मोर्चा कार्यकर्ताओं ने “कसम राम की खाते हैं, बुंदेलखंड राज्य बनवाएंगे” और “बुंदेलखंड तो लेंगे-लेंगे, जैसे दोगे वैसे लेंगे” जैसे नारे लगाए। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि केंद्र सरकार ने पूर्व में बुंदेलखंड राज्य गठन का वादा किया था, लेकिन अब तक उसे पूरा नहीं किया गया।

ज्ञापन में मांग की गई कि संसद के साथ-साथ देश की सभी विधानसभाओं का भी परिसीमन कराया जाए, जिससे नए राज्यों के गठन का मार्ग प्रशस्त हो सके। मोर्चा ने झांसी, जालौन, हमीरपुर, महोबा, बांदा, चित्रकूट सहित उत्तर प्रदेश तथा सागर, छतरपुर, टीकमगढ़, दमोह, दतिया, निवाड़ी समेत मध्य प्रदेश के कई जिलों और तहसीलों को मिलाकर अखंड बुंदेलखंड राज्य के गठन की मांग दोहराई।

मोर्चा ने यह भी आरोप लगाया कि क्षेत्र के जनप्रतिनिधि अब बुंदेलखंड राज्य निर्माण के मुद्दे पर खुलकर समर्थन नहीं कर रहे हैं, जिससे जनता में भ्रम की स्थिति पैदा हुई है। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र राज्य का गठन नहीं किया गया तो आगामी चुनावों में जनजागरण अभियान चलाकर विरोध दर्ज कराया जाएगा।

इस दौरान मोर्चा के प्रवक्ता रघुराज शर्मा, रजनीश श्रीवास्तव, प्रदीप नाथ झा ,महिला मोर्चा सदस्यों  सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

वैभव सिंह
बुंदेलखंड कनेक्शन

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Previous Story

झांसी महापौर ने 44.61 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का किया शिलान्यास

Latest from Jhansi

error: Content is protected !!