झांसी। वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर संचालित एक स्टॉल का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया है।
वायरल वीडियो में कथित तौर पर स्टॉल का वेंडर शराब के पैक बनाता नजर आ रहा है। रेलवे स्टेशन जैसे सार्वजनिक स्थान पर इस तरह की गतिविधि सामने आने से स्टॉलों की निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
बताया जा रहा है कि वीडियो प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर स्थित एक स्टॉल का है। इसमें वेंडर को शराब के पैक तैयार करते हुए दिखाया गया है। वीडियो वायरल होने के बाद यात्रियों की सुविधा और स्टेशन परिसर में संचालित स्टॉलों की गतिविधियों की निगरानी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
इस संबंध में उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच कराई जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
वैभव सिंह
बुंदेलखंड कनेक्शन
