झांसी। वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी रेलवे स्टेशन पर टिकट जांच के दौरान यात्री से अभद्रता करने के आरोप में महिला टीटीई को निलंबित कर दिया गया है। यात्री के साथ कथित दुर्व्यवहार का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद रेलवे प्रशासन ने मामले का संज्ञान लेते हुए यह कार्रवाई की। साथ ही प्रकरण की जांच के आदेश भी दिए गए हैं।
इस संबंध में उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित टीटीई को निलंबित किया गया है। प्रकरण की जांच कराई जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पूरा मामला आठ नवंबर की सुबह का है। लखीमपुर निवासी 32 वर्षीय श्रवण कुमार आंध्र प्रदेश के पेनुकोंडा स्थित एक मोटर कंपनी में काम करते हैं। उनका कहना है कि छह नवंबर को वह अपने दो साथियों के साथ कर्नाटक एक्सप्रेस (12627) से झांसी आ रहे थे। पेनुकोंडा से झांसी तक का टिकट उन्होंने रेलवे काउंटर से लिया था, जबकि झांसी से लखनऊ तक का टिकट ऑनलाइन बुक कराया था।
श्रवण के मुताबिक, यात्रा के दौरान उन्हें और उनके साथियों को आरएसी सीटें आवंटित हुई थीं। आठ नवंबर की सुबह करीब तीन बजे ट्रेन झांसी पहुंची तो प्लेटफॉर्म पर टिकट जांच कर रहीं महिला टीटीई अनीता वर्मा ने उनसे टिकट मांगा। इस दौरान श्रवण ने बताया कि पेनुकोंडा से झांसी तक का काउंटर टिकट उनके बैग में कहीं खो गया है।
आरोप है कि टिकट नहीं मिलने पर टीटीई उन्हें अपने कार्यालय में ले गईं, जहां उनके साथ अभद्रता की गई। यात्री का दावा है कि टीटीई ने उन्हें ‘अंगूठाछाप’ कहते हुए अपमानजनक टिप्पणी की। इस दौरान श्रवण ने पूरी बातचीत का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया।
इसके बाद आठ नवंबर को उन्होंने वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा करते हुए रेल मंत्री और रेलवे अधिकारियों से शिकायत की। वीडियो सामने आने के बाद रेलवे प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए संबंधित महिला टीटीई को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। मामले की विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।
वैभव सिंह
बुंदेलखंड कनेक्शन
