झांसी। बुंदेलखंड राज्य की मांग को लेकर आक्रोश बढ़ रहा है । पृथक बुंदेलखंड राज्य के गठन में हो रही देरी के विरोध में आंदोलनकारियों ने मोर्चा खोलते हुए बुधवार को गांधी उद्यान में अनशन शुरू कर दिया ।
बुंदेलखंड राज्य निर्माण मोर्चा के अध्यक्ष भानू सहाय एडवोकेट, बाबू सिंह यादव, प्रदीप झा एडवोकेट और लल्लू राम अनिश्चितकालीन अनशन पर बैठ गए। आंदोलनकारियों का कहना है कि तीन साल में बुंदेलखंड राज्य बनवाने का वादा किया गया था, लेकिन 12 साल से अधिक समय बीतने के बावजूद कोई ठोस पहल नहीं हुई।
सरकार को तीन दिन का समय देते हुए चेतावनी दी गई है कि 24 अक्टूबर तक मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को आमरण अनशन में बदलने के साथ आर-पार की लड़ाई शुरू की जाएगी।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य ने गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर अनशनकारियों को बैठाया। ओरछा में रामराजा सरकार के चरणों से पूजित तिलक सामग्री लेकर पहुंचे जगदीश तिवारी ने अनशनकारियों को तिलक लगाया। आंदोलनकारियों ने पृथक राज्य के साथ स्वास्थ्य, शिक्षा और विस्थापितों से जुड़े मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाया।
