झांसी । कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने सहायक आयुक्त औषधि दीपक शर्मा और औषधि निरीक्षक राहुल कुमार से मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान उन्होंने सम्बंधित अधिकारियों को साफ साफ शब्दों में कहा कि गरीब और जरूरतमंद मरीजों को दवाओं के नाम पर किसी भी प्रकार की लूट या मनमानी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रतिनिधिमंडल ने अस्पताल परिसरों में संचालित फार्मेसियों और खुदरा दवा दुकानों की निगरानी व्यवस्था मजबूत करने की मांग की। मरीजों को फार्मेसी के लाइसेंस, दवाओं की उपलब्धता और निर्धारित मूल्य की स्पष्ट जानकारी मिलनी चाहिए। साथ ही दवा कारोबार में पारदर्शिता के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के निर्देशों का कड़ाई से पालन कराया जाए।
प्रतिनिधिमंडल ने औषधि मूल्य नियंत्रण आदेश-2013 के प्रावधानों का हवाला देते हुए जनपद में दवाओं की कीमतों की जांच कराने की मांग की। अस्पतालों, नर्सिंग होम और अस्पताल परिसरों में संचालित फार्मेसियों की जांच कर दवाओं की खरीद कीमत, एमआरपी, बिक्री मूल्य, लाइसेंस, स्टॉक और बिलों का सत्यापन कराने की मांग रखी गई।
श्री जैन ने कहा कि बीमारी की स्थिति में मरीज पहले ही आर्थिक और मानसिक परेशानी से गुजरता है। ऐसे में दवाओं के नाम पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालना गंभीर मामला है। दवा मरीज की जरूरत है, मनमानी कमाई का माध्यम नहीं। उन्होंने अनियमितता मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई और नियमित व औचक जांच व्यवस्था मजबूत करने की मांग की।
इस मौके पर मुकेश अग्रवाल, अखिलेश गुरुदेव और अनिल रिछारिया मौजूद रहे।
