झांसी । स्वच्छ भारत मिशन के तहत चल रहे ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान के अंतर्गत बुधवार को कैंट प्राइमरी स्कूल, जखीरा कम्पाउंड स्थित छावनी परिषद झांसी में स्वच्छता मित्र सुरक्षा एवं सम्मान दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में बबीना विधायक राजीव सिंह पारीछा ने स्वच्छता मित्रों और सफाई कर्मियों को सम्मानित कर उनके कार्यों का उत्साहवर्धन किया।
स्वच्छता अभियान:
कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि स्वच्छता स्वस्थ और सशक्त समाज की आधारशिला है। स्वच्छता मित्र प्रतिदिन अपने दायित्व का निर्वहन करते हुए शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उनके श्रम, समर्पण और सेवाभाव का सम्मान करना समाज की जिम्मेदारी है।
विधायक पारीछा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत के संकल्प को जनभागीदारी के माध्यम से आगे बढ़ाना सभी की जिम्मेदारी है। स्वच्छता को केवल किसी अभियान या कार्यक्रम तक सीमित रखने के बजाय इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाया जाना चाहिए। उन्होंने लोगों से स्वच्छता में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
कार्यक्रम में छावनी परिषद के अधिकारी-कर्मचारी, स्वच्छता मित्र, सफाई कर्मचारी और अन्य गणमान्यजन मौजूद रहे। सम्मान समारोह के दौरान स्वच्छता कर्मियों के योगदान को सराहा गया और उन्हें अपने दायित्वों के प्रति इसी तरह समर्पित रहने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
वैभव सिंह
बुंदेलखंड कनेक्शन
