धोबीघाट लूट का खुलासा

मुठभेड़ में चार लुटेरे गिरफ्तार, एक फरार

//

झांसी। कोतवाली थाना क्षेत्र के धोबीघाट के पास ई-रिक्शा चालक से हुई लूट का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुठभेड़ में चार लुटेरे गिरफ्तार कर लिए हैं

थाना कोतवाली, स्वाट और सर्विलांस की संयुक्त टीम की कार्रवाई में चार बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया जबकि एक मौके से भागने में कामयाब रहा ।

पुलिस और बदमाशों के बीच हुई इस मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी ऋषभ वाल्मीकि के पैर में गोली लगी, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, घटना में शामिल एक अन्य आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस टीमें जुटी हैं।धोबीघाट लूट का खुलासापुलिस के मुताबिक, 28 सितंबर की सुबह करीब 4:30 बजे दो मोटरसाइकिलों पर सवार बदमाशों ने धोबीघाट के पास ई-रिक्शा चालक को रोककर उसका मोबाइल फोन और 2,000 रुपये लूट लिए थे। पीड़ित की तहरीर पर थाना कोतवाली में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।

मामले के खुलासे के लिए पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के जरिए बदमाशों के आने-जाने के रूट को चिन्हित किया गया। इसके साथ ही अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और सर्विलांस की मदद से आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास शुरू किए गए।

पुलिस टीम पर फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई मुठभेड़

क्षेत्राधिकारी नगर प्रिया सिंह के अनुसार, 29 और 30 सितंबर की मध्यरात्रि में सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बदमाशों की घेराबंदी की। पुलिस को देखकर बदमाश भागने लगे और इसी दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग की गई। जवाबी कार्रवाई में ऋषभ वाल्मीकि निवासी हंसारी, थाना प्रेमनगर के पैर में गोली लगी।

पुलिस ने मौके से राज अहिरवार निवासी बड़ा बाजार, थाना कोतवाली, मोंटी आर्य निवासी मऊरानीपुर और विकास श्रीवास्तव निवासी शिवाजी नगर, थाना नवाबाद को भी गिरफ्तार किया। मुठभेड़ में घायल ऋषभ को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

मोबाइल, नकदी और हथियार बरामद

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से लूट का मोबाइल फोन, 1,320 रुपये नकद, अवैध शस्त्र व कारतूस बरामद किए हैं। घटना में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिलें भी पुलिस ने कब्जे में ली हैं। पुलिस के मुताबिक, लूट में शामिल एक अन्य आरोपी मौके से फरार हो गया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

कार्रवाई के दौरान उन्नाव गेट चौकी पर तैनात उपनिरीक्षक अमित तोमर की जैकेट पर गोली लगने की सूचना है। पुलिस के अनुसार, टीम के अन्य सभी सदस्य सुरक्षित हैं। गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी में ऋषभ वाल्मीकि और मोंटी आर्य के आपराधिक इतिहास की जानकारी सामने आई है।
पुलिस ने बरामदगी, मुठभेड़ और गिरफ्तारी के संबंध में आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

वैभव सिंह

बुंदेलखंड कनेक्शन

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Previous Story

मल्लखंभ प्रतियोगिता में झांसी का दबदबा, छह वर्गों में चैंपियन

Next Story

विधायक राजीव सिंह पारीछा ने किया मरीजों से संवाद

Latest from Jhansi

error: Content is protected !!