मल्लखंभ प्रतियोगिता

मल्लखंभ प्रतियोगिता में झांसी का दबदबा, छह वर्गों में चैंपियन

//

झांसी।महानगर स्थित  एसपीआई इंटर कॉलेज में आयोजित प्रादेशिक विद्यालयीय मल्लखंभ प्रतियोगिता का मंगलवार को समापन हुआ। दो दिवसीय प्रतियोगिता में आठ मंडलों के 111 खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया। टीम चैंपियनशिप के छह वर्गों में से पांच में झांसी मंडल ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि अंडर-14 बालक वर्ग में आगरा विजेता रहा।

प्रतियोगिता में झांसी मंडल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम चैंपियनशिप के छहों वर्गों में प्रथम स्थान हासिल कर अपना दबदबा कायम किया। प्रतियोगिता में आगरा, मेरठ, बरेली, मिर्जापुर, वाराणसी, चित्रकूट, मुरादाबाद और झांसी मंडल के खिलाड़ी शामिल हुए। बालक वर्ग में 72 और बालिका वर्ग में 39 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। दूसरे दिन फाइनल मुकाबलों में खिलाड़ियों ने मल्लखंभ पर हैरतअंगेज संतुलन और शारीरिक कौशल का प्रदर्शन कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।

टीम चैंपियनशिप में झांसी का जलवा

अंडर-14 बालक वर्ग में आगरा प्रथम, झांसी द्वितीय और मेरठ तृतीय रहा। अंडर-17 तथा अंडर-19 बालक वर्ग में झांसी ने प्रथम स्थान हासिल किया। दोनों वर्गों में आगरा दूसरे स्थान पर रहा, जबकि अंडर-17 में मेरठ और अंडर-19 में बरेली तीसरे स्थान पर रहा।

बालिका वर्ग

बालिका वर्ग के तीनों आयु वर्गों में भी झांसी मंडल ने पहला स्थान हासिल किया। अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 में आगरा दूसरे तथा मुरादाबाद तीसरे स्थान पर रहा।

व्यक्तिगत स्पर्धाओं में भी झांसी के खिलाड़ियों का दम

अंडर-14 बालक वर्ग में आगरा के देव प्रथम, झांसी के रौनक द्वितीय और मेरठ के लविश तृतीय रहे। अंडर-17 में झांसी के लकी कुशवाहा ने पहला और अंशुमान ने दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि आगरा के अमन तीसरे रहे। अंडर-19 में झांसी के ओम साहू प्रथम, बरेली के आनंद प्रताप सिंह द्वितीय और आगरा के शिवम कुमार तृतीय रहे।

बालिका वर्ग में झांसी के खिलाड़ियों ने सभी पदकों पर कब्जा जमाया। अंडर-14 में आरवी सिंह प्रथम, खुशी कुशवाहा द्वितीय और अनन्या कुशवाहा तृतीय रहीं। अंडर-17 में रेणुका वर्मा प्रथम, निशि रावत द्वितीय और पायल अहिरवार तृतीय रहीं। अंडर-19 में मोहिनी पाल प्रथम, जाह्नवी गुप्ता द्वितीय और दिव्य प्रजापति तृतीय रहीं।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि शिक्षक विधायक झांसी-प्रयागराज क्षेत्र बाबूलाल तिवारी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए मल्लखंभ के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि मोबाइल के दौर में बच्चों का खेल के मैदान तक पहुंचना और प्रतियोगिताओं में भाग लेना बड़ी उपलब्धि है। समारोह की अध्यक्षता जिला विद्यालय निरीक्षक रति वर्मा ने की।

समारोह में विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, खेल पदाधिकारी, शिक्षक और आयोजन समिति के सदस्य मौजूद रहे। सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज दतिया गेट के घोष दल ने प्रस्तुति दी, जबकि पंडित केसी शर्मा कन्या इंटर कॉलेज की छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता का संचालन रवि प्रकाश एवं अनिल पटेल ने किया।

वैभव सिंह
बुंदेलखंड कनेक्शन

 

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Previous Story

पिंडदान के बाद एक ही परिवार के पांच लोगों की डूबकर मौत

Latest from Jhansi

error: Content is protected !!