इस औचक निरीक्षण में झांसी से ललितपुर के बीच हुई जांच में पैंट्री कार के अंदर 10 यात्री बिना टिकट यात्रा करते मिले।
रेलवे के अनुसार, कई यात्रियों ने पैंट्री कार प्रबंधक विजय सिंह राजावत और अनिकेत राजावत पर पैसे लेकर यात्रा कराने की बात कही। जांच के दौरान पैंट्री कार प्रबंधक द्वारा भी यात्रियों से पैसे लेने की बात स्वीकार किए जाने का उल्लेख रेलवे की विज्ञप्ति में किया गया है। सभी बिना टिकट यात्रियों पर नियमानुसार कार्रवाई कर उन्हें पैंट्री कार से हटा दिया गया।
जांच में पैंट्री कार में अन्य अनियमितताएं भी सामने आईं। टीम ने 16 पेटी अनधिकृत पानी की बोतलें जब्त कर ललितपुर स्टेशन पर जमा कराईं। इसके अलावा पैंट्री कार में कर्मचारियों की कोई अधिकृत सूची भी नहीं मिली।
मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अमन वर्मा के निर्देशन में सहायक वाणिज्य प्रबंधक अनिल श्रीवास्तव के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। रेलवे ने बताया कि जांच से जुड़ी अन्य शिकायतों की रिपोर्ट संबंधित विभाग को भेजी जा रही है। यात्रियों की सुविधा और हितों को ध्यान में रखते हुए इस तरह की जांच आगे भी जारी रहेगी।
