सुकुवां-ढुकुवां बांध

सुकुवां-ढुकुवां बांध  में तीन युवकों के शव मिलने से मची सनसनी

/

झांसी । जनपद के बबीना थाना अंतर्गत सुकुवां-ढुकुवां बांध के निचले इलाके में तीन युवकों के शव मिलने से मंगलवार सुबह सनसनी फैल गई।

घटना की सूचना मिलते ही बबीना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को पानी से बाहर निकलवाकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। समाचार लिखे जाने तक मृतकों की शिनाख्त नहीं हो सकी थी।

घटनास्थल पर एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल खड़ी मिली, जबकि उसके पास ही तीन युवकों के कपड़े भी पड़े मिले। कपड़ों और बाइक के पानी के पास मिलने से पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि तीनों युवक नहाने के लिए पानी में उतरे होंगे और इसी दौरान किसी कारणवश गहरे पानी में चले गए होंगे। हालांकि, हादसा किस समय और किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। घटना आज सुबह या देर रात की होने की संभावना जताई जा रही है।

बताया गया कि हादसा बांध के निचले हिस्से में हुआ है, जहां से पानी नीचे की ओर गिरता है। हालांकि वर्तमान में यहां जलप्रपात नहीं हो रहा है और पानी की मात्रा भी पहले की अपेक्षा काफी कम है। इसके बावजूद तीन युवकों की एक साथ डूबने से मौत ने  लोगों को झकझोर दिया।

सूचना फैलते ही घटनास्थल पर आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। मृतकों की पहचान के लिए पुलिस आसपास के क्षेत्रों में जानकारी जुटा रही है और मोटरसाइकिल के नंबर समेत अन्य सुरागों के आधार पर उनकी शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है।

वैभव सिंह
बुंदेलखंड कनेक्शन

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Previous Story

 औद्योगिक इकाइयों का होगा क्रॉस वेरिफिकेशन :जिलाधिकारी

Next Story

कुशीनगर एक्सप्रेस की पैंट्री कार में छापा, 16 पेटी अनधिकृत पानी जब्त

Latest from Jhansi

error: Content is protected !!