भाजपा का पलटवार

संवैधानिक संस्थाओं पर कांग्रेस के सवालों पर भाजपा का पलटवार

//

झांसी। कांग्रेस द्वारा चुनाव आयोग समेत संवैधानिक संस्थाओं पर उठाए जा रहे सवालों को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा )की झांसी इकाई ने सोमवार को जबरदस्त  पलटवार किया ।

यहां भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में महापौर बिहारी लाल आर्य और जिला पंचायत अध्यक्ष पवन गौतम ने कांग्रेस से अपनी राजनीतिक एवं संगठनात्मक कमजोरियों पर आत्ममंथन करने की नसीहत दी।

भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि चुनावी पराजय के बाद कांग्रेस संवैधानिक संस्थाओं की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाकर जनता का ध्यान अपनी राजनीतिक विफलताओं से हटाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं पर आरोप लगाने के बजाय कांग्रेस को अपने संगठन और राजनीतिक रणनीति की समीक्षा करनी चाहिए।

प्रेस वार्ता में नेताओं ने हाल में चुनाव आयोग की ओर से जारी स्पष्टीकरण का भी हवाला दिया। चुनाव आयोग स्वयं संवैधानिक प्राधिकरण है और चुनाव संचालन की जिम्मेदारी निभाता है।

भाजपा नेताओं ने कहा कि जनादेश लोकतांत्रिक प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है और राजनीतिक दलों को संस्थाओं के प्रति विश्वास बनाए रखते हुए अपनी बात तथ्यों के आधार पर रखनी चाहिए। उन्होंने राहुल गांधी और कांग्रेस से संवैधानिक संस्थाओं को राजनीतिक लाभ के लिए निशाना बनाने के बजाय जनता के बीच अपने राजनीतिक प्रदर्शन पर जवाब देने की बात कही।

यह बयान ऐसे समय आया है जब चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों के आरोपों के बीच भाजपा ने देशभर में प्रेस वार्ताओं के जरिए जवाबी अभियान चलाया है।

भाजपा नेताओं ने कांग्रेस से आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति से आगे बढ़कर संगठनात्मक कमजोरियों की समीक्षा करने और लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति जनता के विश्वास को बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।

वैभव सिंह

बुंदेलखंड कनेक्शन

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Previous Story

कांग्रेस का हल्लाबोल, फूंका पुतला

Next Story

 औद्योगिक इकाइयों का होगा क्रॉस वेरिफिकेशन :जिलाधिकारी

Latest from Jhansi

error: Content is protected !!