महिला से मारपीट

बच्चों के विवाद में दबंगों पर घर में घुसकर महिला से मारपीट व बदसलूकी का आरोप

//
झांसी। जनपद के  रक्सा थाना क्षेत्र के ग्राम अठोदना में स्कूली वैन में बच्चों के बीच हुए मामूली विवाद ने  गंभीर रूप ले लिया।  ग्राम अठोदना में एक महिला ने गांव के ही कुछ लोगों पर शुक्रवार रात घर में घुसकर गाली-गलौज, मारपीट और बदसलूकी करने तथा मंगलसूत्र छीनने का आरोप लगाया है।
पीड़िता का आरोप है कि दबंगों ने उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी। मां को बचाने पहुंचे मासूम बच्चे के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप है।पीड़िता रश्मि पत्नी प्रमोद बरार के अनुसार, शुक्रवार को स्कूल से लौटते समय उसके बेटे के साथ गांव के कुछ बच्चों का विवाद हो गया था।
आरोप है कि इसी बात को लेकर रात में तीन भाई अपने परिजनों के साथ उसके घर में घुस आए और उसके साथ गाली-गलौज व मारपीट की। महिला ने आरोप लगाया कि इस दौरान उसके कपड़े फाड़ दिए गए और मंगलसूत्र भी छीन लिया गया। विरोध करने पर आरोपियों ने पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी।
पीड़िता के मुताबिक घटना के बाद उसने डायल-112 और थाना रक्सा पुलिस से शिकायत की, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उसका आरोप है कि कार्रवाई न होने से आरोपियों के हौसले बढ़ गए और शनिवार सुबह वे दोबारा उसके घर पहुंच गए। इस दौरान कथित रूप से राजीनामा करने का दबाव बनाते हुए गाली-गलौज और धमकी दी गई।
घटना से घबराई महिला अपने पति, बच्चों और अन्य परिजनों के साथ अधिकारियों से शिकायत करने पहुंची, लेकिन शनिवार को द्वितीय शनिवार होने के कारण उसे संबंधित अधिकारियों से मुलाकात नहीं हो सकी। इसके बाद वह दोबारा थाना रक्सा पहुंची। पीड़िता का आरोप है कि वहां भी उसकी शिकायत पर कार्रवाई करने के बजाय उसे डरा-धमकाकर वापस भेज दिया गया।
पीड़िता ने आशंका जताई है कि यदि आरोपियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो उसके और परिवार के साथ कोई अप्रिय घटना हो सकती है। उच्चाधिकारियों से मुलाकात नहीं होने के बाद उसने ऑनलाइन माध्यम से मुख्यमंत्री से शिकायत कर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
वैभव सिंह
बुंदेलखंड कनेक्शन

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Previous Story

चित्रकूट अमावस्या मेले के लिए झांसी से चलेंगी दो मेला स्पेशल ट्रेनें

Next Story

पॉक्सो एक्ट के आरोपी ने थाने में किया फांसी लगाने का प्रयास

Latest from Jhansi

error: Content is protected !!