झांसी। पूर्व सांसद अतीक अहमद के बेटे अली अहमद को शनिवार सुबह झांसी जिला जेल से कड़ी सुरक्षा के बीच प्रयागराज के लिए रवाना किया गया।

इलाहाबाद हाईकोर्ट से पैरोल की अनुमति मिलने के बाद अली को पूरी तरह बंद सुरक्षा वाहन में जेल से बाहर निकाला गया। वह अपने छोटे भाई अबान अहमद की अंतिम यात्रा में शामिल होगा, जिसकी छह अगस्त को झांसी-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर पूंछ थाना क्षेत्र में हुए भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई थी।
अबान अहमद अपने दोस्तों के साथ क्रेटा कार से प्रयागराज से झांसी आ रहा था। वह अपने भाई अली से मिलने के लिए झांसी आ रहा था। पूंछ थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई थी। हादसे में अबान और उसके साथी सोनू की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि तीन अन्य लोग घायल हुए थे।
अहजम अहमद भी पहुंचा था झांसी
हादसे की जानकारी मिलने के बाद अतीक अहमद का बेटा अहजम अहमद भी प्रयागराज से झांसी पहुंचा था। उसने प्रशासन से अपील की थी कि जेल में बंद उसके भाइयों को अबान की अंतिम यात्रा में शामिल होने की अनुमति दी जाए। पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद अबान का शव आजम को सौंप दिया गया था।
हाईकोर्ट से मिली पैरोल की अनुमति
अबान की अंतिम यात्रा में शामिल होने के लिए जेल में बंद उसके दोनों भाइयों की ओर से परिवार ने इलाहाबाद हाईकोर्ट में पैरोल की मांग की थी। हाईकोर्ट से अनुमति मिलने के बाद दोनों को अंतिम यात्रा में शामिल कराने की प्रक्रिया शुरू हुई। इसके बाद झांसी प्रशासन भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सक्रिय हो गया।

पूरी तरह बंद वाहन में निकाला गया
शनिवार सुबह झांसी जिला जेल परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। पुलिस बल की मौजूदगी में अली अहमद को पूरी तरह बंद सुरक्षा वाहन से जेल से बाहर निकाला गया। इसके बाद उसे सड़क मार्ग से प्रयागराज के लिए रवाना कर दिया गया। सुरक्षा को देखते हुए उसके साथ पर्याप्त पुलिस बल भी तैनात किया गया।
अली अहमद अब प्रयागराज पहुंचकर अपने छोटे भाई अबान अहमद की अंतिम यात्रा में शामिल होगा। अवान की मौत के बाद परिवार में शोक का माहौल है।
