झांसी। जनपद के थाना बबीना क्षेत्र की एक महिला ने अपनी नाबालिग बेटी के कथित अपहरण के मामले में दर्ज मुकदमा वापस लेने के लिए दबाव बनाए जाने का आरोप लगाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) से सुरक्षा और कार्रवाई की गुहार लगाई है।
महिला का कहना है कि कुछ लोग उसके घर पहुंचकर एफआईआर वापस लेने और समझौता करने का दबाव बना रहे हैं। विरोध करने पर उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई।
पीड़िता द्वारा एसएसपी को दिए गए प्रार्थना पत्र के अनुसार, उसकी नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में थाना बबीना में अपराध संख्या 207/2026 के तहत मुकदमा दर्ज है। आरोप है कि 8 जुलाई 2026 की शाम कुछ लोग उसके घर पहुंचे और मुकदमा वापस लेकर राजीनामा करने का दबाव बनाया। जब उसने ऐसा करने से इनकार किया तो आरोपियों ने पूरे परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने और जान से मारने की धमकी दी।
महिला ने प्रार्थना पत्र में आशंका जताई है कि आरोपी ,उसके परिवार को नुकसान पहुंचा सकते हैं। उसने एसएसपी से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई करने, धमकी देने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने तथा स्वयं और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस अधिकारियों ने प्रार्थना पत्र प्राप्त कर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
वैभव सिंह
बुंदेलखंड कनेक्शन
