झांसी ।जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रसारित एक वीडियो का संज्ञान लेते हुए बामौर क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित क्लीनिक पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान बिना वैध मेडिकल डिग्री और पंजीकरण के मरीजों का इलाज कर रहे एक कथित चिकित्सक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई।


मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. शिशिर पुरी के निर्देश पर उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं नोडल अधिकारी (पंजीकरण) डॉ. आशीष अग्निहोत्री के निर्देशन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बामौर के चिकित्सकों ने ग्राम करगुवां खुर्द में छापा मारा। जांच में क्लीनिक संचालक की पहचान कार्तिक गैन, निवासी जिला नादिया (पश्चिम बंगाल) के रूप में हुई।
जांच के दौरान वह उपचार से संबंधित कोई वैध मेडिकल डिग्री या पंजीकरण प्रमाणपत्र प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद एरच थाना पुलिस की ओर से संबंधित झोलाछाप डॉक्टर के विरुद्ध इंडियन मेडिकल काउंसिल एक्ट की सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कराई गई।
स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध रूप से चिकित्सा कार्य करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
