झांसी। जनपद में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए गुरुवार को जिलाधिकारी गौरांग राठी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बी.बी.जी.टी.एस. मूर्ति सहित पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में सड़क सुरक्षा अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने बिना नंबर प्लेट संचालित होने वाले वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही नंबर प्लेट से छेड़छाड़ करने, उसे ढंकने, मोड़ने अथवा पहचान छिपाने के उद्देश्य से अन्य तरीके अपनाने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध भी कड़ी वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
समीक्षा के दौरान शहर और जनपद की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने प्रमुख मार्गों के चौड़ीकरण की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया, ताकि बढ़ते यातायात दबाव और जाम की समस्या का स्थायी समाधान निकाला जा सके।
बैठक में सड़क किनारे संचालित वाहन मरम्मत केंद्रों और वर्कशॉपों द्वारा सार्वजनिक मार्गों के उपयोग का मुद्दा भी उठाया गया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि ऐसे संचालकों को स्पष्ट रूप से चेतावनी दी जाए कि वे सड़क पर वाहन खड़े कर मरम्मत कार्य न करें और न ही सार्वजनिक मार्गों का अतिक्रमण करें। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए यातायात नियमों के प्रभावी अनुपालन और नियमित प्रवर्तन कार्रवाई पर जोर दिया। बैठक में सड़क सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने, हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग को प्रोत्साहित करने तथा यातायात नियमों के पालन के लिए समन्वित प्रयास करने पर भी चर्चा हुई।
प्रशासन और पुलिस विभाग ने नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने तथा सड़क सुरक्षा अभियान में सक्रिय सहयोग देने की अपील की है।
वैभव सिंह
बुंदेलखंड कनेक्शन
