झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा-2026 रविवार को जनपद के 12 परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न हुई।

परीक्षा की निगरानी के लिए विश्वविद्यालय में स्थापित इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल रूम से कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित तकनीक का उपयोग किया गया। जिलाधिकारी गौरांग राठी और अपर जिलाधिकारी प्रशासन शिव प्रताप शुक्ल ने कुलपति प्रो. मुकेश पाण्डेय के साथ कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर परीक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में नकल अथवा डुप्लीकेट परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल न होने पाए। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों को पहचान सत्यापन की प्रक्रिया पूरी सख्ती से लागू करने को कहा। परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों, वॉयस रिकॉर्डर, बायोमैट्रिक सत्यापन तथा अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई।
प्रशासन की ओर से सभी केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था। 12 स्टैटिक मजिस्ट्रेट और 6 सेक्टर मजिस्ट्रेट लगातार परीक्षा केंद्रों का भ्रमण करते रहे। परीक्षा केंद्रों के आसपास धारा-163 प्रभावी रही तथा धरना-प्रदर्शन, जनसभा, लाउडस्पीकर और फोटोस्टेट की दुकानों के संचालन पर भी रोक लगाई गई।
नोडल अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी प्रशासन शिव प्रताप शुक्ल ने बताया कि प्रथम एवं द्वितीय दोनों पालियों में 4406-4406 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। दोनों पालियों में 3781 अभ्यर्थी उपस्थित रहे, जबकि 625 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा पूरी तरह नकलविहीन, शुचितापूर्ण और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।
