झांसी। झांसी रेल मंडल द्वारा आयोजित 19वें प्रधानमंत्री रोजगार मेले में शनिवार को 220 चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति-पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देशभर के 51 हजार से अधिक युवाओं को संबोधित करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं।
पंडित दीनदयाल सभागार में आयोजित कार्यक्रम को वर्चुअली सम्बोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने नवनियुक्त अभ्यर्थियों से निष्ठा, पारदर्शिता और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उनके साथ झांसी ललितपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद अनुराग शर्मा, अपर महाप्रबंधक उत्तर मध्य रेलवे शशि प्रकाश द्विवेदी तथा मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार उपस्थित रहे। अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में युवाओं के लिए रोजगार सृजन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। रोजगार मेला युवाओं को आत्मनिर्भर भारत अभियान से जोड़ने का प्रभावी माध्यम बन रहा है। उन्होंने युवाओं से ईमानदारी और सेवा भावना के साथ कार्य करने की अपील की।
सांसद अनुराग शर्मा ने कहा कि रोजगार मेला युवाओं को अवसर उपलब्ध कराने और रोजगार सृजन को गति देने की केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता का प्रमाण है। वहीं मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार ने कहा कि सरकारी नौकरी प्रत्येक व्यक्ति के जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव होती है और कई अभ्यर्थी अपने परिवार में पहली बार सरकारी सेवा में पहुंचे हैं।
रेलवे विभाग से सर्वाधिक 196 अभ्यर्थियों को नियुक्ति-पत्र प्रदान किए गए, जिनमें झांसी मंडल के 155 और प्रयागराज मंडल के 41 अभ्यर्थी शामिल रहे। इसके अलावा डाक विभाग, ईएसआईसी, आईटीबीपी तथा बैंकिंग सेवाओं के 24 अभ्यर्थियों को भी नियुक्ति-पत्र दिए गए।
