झांसी। मंडलायुक्त बिमल कुमार दुबे ने सोमवार को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) झांसी का निरीक्षण कर वहां संचालित प्रशिक्षण व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

इस दौरान उन्होंने संस्थान में स्थापित आधुनिक कार्यशालाओं का भ्रमण किया और छात्रों को दी जा रही तकनीकी शिक्षा की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया।
निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने टाटा टेक्नोलॉजी द्वारा स्थापित आधुनिक कार्यशालाओं के साथ-साथ फिटर, टर्नर, मशीनिस्ट, इलेक्ट्रिशियन, वेल्डर आदि ट्रेड की कार्यशालाओं का अवलोकन किया। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से प्रशिक्षण व्यवस्था, उपकरणों की उपलब्धता और छात्रों के कौशल विकास से संबंधित विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि आईटीआई में प्रशिक्षणरत छात्रों को अधिक से अधिक हुनरमंद बनाया जाए, ताकि वे भविष्य में बेहतर रोजगार प्राप्त कर सकें या अपना स्वरोजगार शुरू कर आत्मनिर्भर बन सकें। उन्होंने प्रशिक्षण को पूरी तरह रोजगारपरक और उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप बनाने पर जोर दिया।
इसके अतिरिक्त मंडलायुक्त ने एनएसआईसी की प्रस्तावित कार्यशाला के लिए भूमि उपलब्धता के संबंध में भी जानकारी ली और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर झांसी मंडल के संयुक्त निदेशक आशीष दुबे, नोडल प्रधानाचार्य एस.के. श्रीवास्तव, उप प्रधानाचार्य रमेशचंद्र वर्मा, महिला आईटीआई के प्रधानाचार्य रमेशचंद्र, कार्यदेशक ब्रजेश सिंह, माजिद खान, नीता मिश्रा, अनुदेशकपंकज तिवारी, अनिल कुमार शर्मा (ओएसडी) सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
