झांसी। बुंदेलखंड के झांसी में बहुजन समाज पार्टी (बसपा )जिलाध्यक्ष बीडी फुले ने बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के साथ रविवार को कचहरी चौराहे पर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया ।
इस दौरान बसपा जिलाध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि सर्व समाज को साथ लेकर भाईचारा कायम करते हुए मायावती के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में बसपा की सरकार बनाना लक्ष्य है।
श्री फुले ने दावा किया कि प्रदेश की वर्तमान स्थिति को देखते हुए आम जनता अब बदलाव चाहती है और बसपा की ओर उम्मीद भरी नजरों से देख रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को अभी से संगठन मजबूत करने और जन-जन तक पहुंच बनाने की जरूरत है।

भाजपा सरकार पर साधा निशाना
अपने संबोधन में उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि किसान, व्यापारी, मजदूर, बेरोजगार और आम आदमी जनविरोधी नीतियों से परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार में हर वर्ग खुद को उपेक्षित महसूस कर रहा है। यदि जनहित में काम करना है और सर्व समाज को राहत देनी है, तो इसका विकल्प केवल बहुजन समाज पार्टी ही है।
बसपा ने बढ़ाई सक्रियता ,गरमाया चुनावी पारा
झांसी में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले बसपा ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है । इस कार्यक्रम से बसपा जिलाध्यक्ष बीडी फुले ने न केवल पार्टी के अस्तित्व को इस सीट पर फिर से मज़बूती देने का उदघोष किया बल्कि आगामी चुनाव के लिए पार्टी को तैयार रहने का आह्वान भी किया।
बड़ी संख्या में जुटे कार्यकर्ता
इस मौके पर पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रमुख रूप से कैलाश पाल, अनीश रायन, बीके गौतम, जयपाल सिंह अहिरवार, विपिन सिंह, अमित वर्मा, मदन लाल अहिरवार, नफीस शानू, विजय कंचन, राकेश कुशवाहा, मुन्ना पाली, चंद्र दत्त गौतम, डॉ. प्रवीण शशि और सुधीर आर्य सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही।
