झांसी । झांसी में मऊरानीपुर के मध्य स्थित दमेंले इंटर कॉलेज के पास शनिवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब आधा दर्जन दुकानों में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते कई दुकानें इसकी चपेट में आ गईं।

घटना में दुकानों में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर पूरी तरह खाक हो गया। जानकारी के अनुसार मोहल्ला अल्याई क्षेत्र में दमेंले इंटर कॉलेज से सटी कपड़ा, जूता-चप्पल, बैग और कॉपी-किताबों की कई दुकानें संचालित होती हैं।
शनिवार सुबह अचानक एक दुकान से आग की तेज लपटें उठती दिखाई दीं, जिसने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास की अन्य दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया।
सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। मौके पर उपजिलाधिकारी श्वेता साहू, क्षेत्राधिकारी जितेंद्र सिंह और कोतवाली प्रभारी मुकेश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ तुरंत पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।
वहीं सूचना पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। फिलहाल आग लगने का सटीक कारण स्पष्ट नहीं हो सका है, लेकिन प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट को संभावित वजह माना जा रहा है।
इस भीषण आगजनी में दुकानदारों को लाखों रुपये का नुकसान होने का अनुमान है। प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन कराया जा रहा है और मामले की जांच जारी है।
