झांसी। झांसी रेलवे स्टेशन पर व्यवस्थाओं पर पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक विस्तृत पोस्ट साझा कर रेलवे की व्यवस्थाओं पर नाराजगी जताई और सुधार की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, उमा भारती को झांसी से पंजाब मेल ट्रेन पकड़नी थी। वह निर्धारित समय से पहले स्टेशन पहुंच गई थीं, लेकिन उनके मुताबिक ट्रेन निर्धारित समय से पहले प्लेटफॉर्म पर आकर रवाना होने लगी, जिससे स्थिति अचानक बिगड़ गई।
उन्होंने बताया कि उन्हें बैट्री कार के माध्यम से प्लेटफॉर्म तक ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में अव्यवस्था और रुकावटों के कारण देरी हो गई। बाद में किसी यात्री द्वारा चेन पुलिंग किए जाने पर ट्रेन करीब पांच मिनट तक रुकी।
रेल मंत्री को किये ट्वीट में उमा भारती ने कहा कि यह किसी एक व्यक्ति की गलती नहीं है, बल्कि रेलवे की पूरी व्यवस्था में “व्यावहारिक संवेदनशीलता” की कमी है। उन्होंने विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांग यात्रियों को होने वाली परेशानियों को गंभीर मुद्दा बताया।
उन्होंने इस मामले में झांसी रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज की जांच कराने की मांग भी की है, ताकि सच्चाई सामने आ सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
झांसी मंडल रेल प्रशासन ने की तुरत कार्रवाई
मामले की तत्काल प्रभाव से उच्च स्तरीय जांच कराई गई। पंजाब मेल आज वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी स्टेशन पर समय से पूर्व आई तो थी परंतु अपने निर्धारित समय पर ही गंतव्य की ओर रवाना हुई।
कई यात्री अपने सामान और पानी की बोतल के लिए प्लेटफॉर्म पर उतरे और गाड़ी चलने तक ट्रेन में वापस नहीं चढ़ पाए। उन्हीं को चढ़ने के लिए किसी ने ट्रेन में अलार्म चैन पुलिंग की।तकनीकी तौर पर अलार्म चैन पुलिंग को रीसेट करने के पश्चात् ट्रेन पुनः अपने गंतव्य स्थल की ओर रवाना हुई।
स्टेशन पर चल रहे पुनर्विकास कार्य के दौरान यात्रियों को कम से कम असुविधा हो इसके लिए निरंतर योजनाबद्ध प्रयास किए जा रहे हैं।
