झांसी। महिला कल्याण और बाल विकास राज्यमंत्री मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में आयोजित राष्ट्रीय हिन्दी विज्ञान सम्मेलन के दूसरे दिन बतौर मुख्य अतिथि कहा कि विज्ञान के विस्तार में हिंदी की अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका है। हिंदी के माध्यम से विज्ञान को जन जन तक पहुंचाया जा सकता है। विज्ञान को जन जन तक पहुंचाकर देश का विकास सुनिश्चित किया जा सकता है।

उन्होंने उम्मीद जताई की कि यह राष्ट्रीय हिन्दी विज्ञान सम्मेलन समाज को नई दिशा देगा। प्रदेश और देश की सरकार भारत को सभी दृष्टियों से विकसित बनाने के लिए सतत प्रयासरत है। देश की महिलाएं और बेटियां सशक्त बनें इसके लिए हमें सतत प्रयासरत रहना होगा। हिंदी आगे बढ़े। सनातन धर्म अजेय बना रहे यही प्रयास हमें करते लगातार करते रहना है।
बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो मुकेश पाण्डेय ने सभी अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने इस सम्मेलन की समूची गतिविधियों और उनके महत्व को रेखांकित किया।
महर्षि महेश योगी वैदिक विश्वविद्यालय, ब्रह्म स्थान करौंदी,कटनी, मध्य प्रदेश के कुलपति डा पीके वर्मा ने कहा कि ज्ञान, विज्ञान से बहुत बड़ा है। उन्होंने भौतिकी और क्वांटम फिजिक्स दोनों के अंतर को स्पष्ट किया। विज्ञान ने बहुत से सपनों को साकार किया है। हमें आध्यात्म को विज्ञान की दृष्टि से देखने की जरूरत है।
पूर्व आईएएसएस और मध्य प्रदेश के पूर्व वन संरक्षक डा पीसी दुबे ने अध्यात्म और क्वांटम भौतिकी विषय पर अपनी बात रखी। उन्होंने भागवत के चार श्लोकों का उल्लेख करते हुए भगवान के अस्तित्व को स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि पूरे जगत में जो कुछ हो रहा है उसे विज्ञान बता सकता है लेकिन जो प्रकृति से परे है उसको केवल आध्यात्म ही बता सकता है। उन्होंने सगुण और निर्गुण ब्रह्म के भेद को भी रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि ईमानदार वैज्ञानिकों ने भारतीय आध्यात्मिक जगत के विचारों से प्रेरणा लेने की बात स्वीकार की है।
डा. दुबे ने कहा कि युवाओं और बच्चों को अध्यात्म तथा विज्ञान दोनों के बारे में समुचित जानकारी दी जानी चाहिए। उन्होंने रक्तबीज वध के प्रसंग का उल्लेख करते हुए विज्ञान और अध्यात्म के महत्व को रेखांकित किया।
कार्यक्रम में स्वामी प्रबुद्धानंद ने समस्त जन कल्याण के भाव वाले मंत्र से अपनी बात का सिलसिला शुरू किया। उन्होंने श्रीमद् भगवद्गीता में यज्ञ का यथार्थ अर्थ विषय पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि वैदिक सनातन का ग्रंथ उपनिषद हैं। विज्ञान के तमाम सूत्र हमारे शंकराचार्यों के भाष्य में उल्लिखित है लेकिन हम उसे नहीं पढ़ रहे हैं। जब कोई काम समष्टि के कल्याण के लिए किया जाता है तो उसे यज्ञ कहते हैं। नदी और पहाड़ सभी लोगों के लिए यज्ञ कर रहे,इस तथ्य को समझना होगा। मैं क्या करूं या न करूं यह विचार शास्त्र के आधार पर करना चाहिए। हम हिंदू शास्त्र से दूर होते गए यह सबसे बड़ी विडंबना है। उन्होंने सभी से गीता का नियमित अध्ययन करने का आह्वान किया।
मध्य प्रदेश लोकसेवा आयोग के पूर्व सदस्य डा एसपी गौतम ने श्री रामायण में विज्ञान विषय पर अपना शोध-पत्र पेश किया। उन्होंने कहा कि श्रीराम चरित मानस में विज्ञान का उल्लेख बहुत गहराई से किया गया है। अध्यात्म और विज्ञान साथ साथ चलता है। उन्होंने सभी से श्रीराम चरित मानस का नियमित रूप से अध्ययन करने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन अंजली सक्सेना ने किया। सभी अतिथियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
