झांसी। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा ) के प्रमुख नेता और अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य ने कांग्रेस और संसद में विपक्ष के नेता राहुल गाँधी पर तीखा हमला करते हुए कांग्रेस पार्टी संवेदनहीन और राहुल गांधी झूठ की फैक्ट्री बताया ।


बजट पर पत्रकारों के साथ बातचीत के लिया यहां भाजपा कार्यालय पहुंचे अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बजट के मुख्य बिंदुओं को पत्रकारों के समक्ष रखा और केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के खिलाफ विपक्ष के नेता राहुल गांधी की टिपण्णी के सवाल पर कहा कि कांग्रेस पार्टी एक संवेदनहीन पार्टी है और राहुल गांधी झूठ की फैक्ट्री हैं ,अब वह बचकानी हरकते कर रहे हैं । बीजेपी के केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू पर उनकी टिप्पणी न केवल आपत्तिजनक है बल्कि ऐसा करके उन्होंने पूरे सिख समाज को गाली दी है ,पूरे समाज का अपमान किया है। सिख समाज को गद्दार कहना संविधान की हत्या है।
एसआईआर को लेकर विपक्ष के विरोध पर कहा कि चुनाव आयोग ने कहा है कि पारदर्शी चुनाव होने चाहिए और सभी को मतदान का अधिकार मिलना चाहिए । मतदाता सूची पारदर्शी होनी चाहिए । चुनाव आयोग समय-समय पर यह काम करता आया है कांग्रेस की सरकार में भी ऐसा होता रहा है और अगर राज्यों की बात करें तो पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी की सरकार से पहले कम्युनिस्टों की सरकार के समय भी होता रहा है ।
उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी घुसपैठियों के लिए लड़ रही हैं क्योंकि उनकी पार्टी ने बांग्लादेश से आए घुसपैठियों के नाम न केवल राशन कार्ड बनवा दिए हैं बल्कि मतदाता सूची में उनका नाम लिखवा दिया है और अब वह चाहती हैं कि ऐसे ही लोगों का सहारा लेकर एक बार फिर से सत्ता में आ जाए । यह घुसपैठिये पूरी तरह से अवैध है और भारत के संसाधनों पर कब्जा किए हुए हैं। ऐसे लोग फिर से वोट डालें और ममता बनर्जी को एक बार फिर सत्ता में ले आए इसके लिए वह लड़ रही हैं । वह घुसपैठियों की लड़ाई लड़ रही है। जब जब विपक्ष ने गलत मतदाताओं का पक्ष लिया है उन्हें जबरदस्त हार का सामना करना पड़ा है और बिहार जैसी हालत ममता बनर्जी की भी होने जा रही है।
