झांसी। महानगर स्थित रानी लक्ष्मीबाई केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय में 21 दिवसीय शीतकालीन प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारम्भ हुआ ।
इस अवसर पर कुलपति प्रो. अशोक कुमार सिंह ने कहा कि जलवायु परिवर्तन के बढ़ते प्रभावों के बीच ऐसी सब्जी फसलों की उन्नत किस्में विकसित करना जरूरी है, जो सूखा, तापमान और अन्य प्रतिकूल परिस्थितियों को सहन कर सकें। इसके लिए पारंपरिक और आधुनिक आणविक पादप प्रजनन तकनीकों का समन्वित उपयोग करना होगा।
उन्होंने वैज्ञानिकों से प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त तकनीकी ज्ञान का उपयोग अपने अनुसंधान कार्यों में करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि डॉ. पीके सिंह ने कहा कि फसल सुधार में आनुवंशिक विविधता की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्नत एवं तनाव-सहिष्णु किस्मों के विकास के लिए पादप आनुवंशिक संसाधनों का संरक्षण और समुचित उपयोग जरूरी है।
डॉ. विजय यादव ने कहा कि बदलती जलवायु की चुनौतियों से निपटने के लिए आधुनिक तकनीकों के साथ कृषि अनुसंधान संस्थानों के बीच सहयोग और ज्ञान का आदान-प्रदान आवश्यक है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के निदेशक एवं उद्यानिकी एवं वानिकी महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. मनीष श्रीवास्तव ने बताया कि 28 नवंबर से 18 दिसंबर तक चलने वाले इस प्रशिक्षण में देश के विभिन्न कृषि एवं अनुसंधान संस्थानों के 25 वैज्ञानिक भाग ले रहे हैं।
भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर), नई दिल्ली द्वारा वित्तपोषित इस कार्यक्रम में 40 विशेषज्ञ व्याख्यान और व्यावहारिक प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जाएंगे। इसमें वैज्ञानिकों को आणविक प्रजनन, पारंपरिक पादप प्रजनन और तनाव-सहिष्णु सब्जी किस्मों के विकास की आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान प्रशिक्षण कार्यक्रम की पुस्तिका और सब्जियों की पौष्टिकता एवं गुणवत्ता से संबंधित पुस्तिका का विमोचन भी किया गया। डॉ. बृज बिहारी शर्मा ने स्वागत भाषण दिया। संचालन डॉ. प्रियंका शर्मा ने किया तथा डॉ. आरके सिंह ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के अधिकारी, शिक्षक और शोधार्थी मौजूद रहे।
