दिग्विजय का सियासी प्रहार

भाजपा-आरएसएस और ओवैसी पर दिग्विजय का सियासी प्रहार

//

झांसी। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह की सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा के झांसी जनपद पहुंचने पर ओवैसी और भाजपा पर एक साथ निशाना साधते हुए कहा कि ओवैसी कट्टरपंथी मुसलमानों को भड़काने का काम करते हैं, तो भाजपा कट्टरपंथी हिंदुओं को उकसाती है। दोनों ही तरफ से कट्टरता को बढ़ावा दिया जा रहा है।

पत्रकारों से बातचीत करते हुए दिग्विजय सिंह ने भाजपा, आरएसएस और एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी पर तीखे राजनीतिक प्रहार किये । उन्होंने हिंदुत्व, सनातन धर्म, लोकतंत्र और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर भी तीखे सवाल उठाए। भाजपा और आरएसएस पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि हिंदुत्व के नाम पर समाज में नफरत और ध्रुवीकरण की राजनीति की जा रही है। इस तरह की राजनीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि समाज को बांटने के बजाय जोड़ने की जरूरत है।

दिग्विजय सिंह ने सनातन धर्म की व्याख्या करते हुए कहा कि प्रेम, सद्भाव, सत्य, अहिंसा, करुणा और दया ही सनातन के मूल सिद्धांत हैं। सनातन धर्म किसी से नफरत करना नहीं, बल्कि सभी को साथ लेकर चलने का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि धर्म के नाम पर नफरत और कट्टरता फैलाने वालों को सनातन की वास्तविक भावना समझनी चाहिए।

लोकतंत्र और संविधान के मुद्दे पर दिग्विजय सिंह ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा चुनाव आयोग पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से काम नहीं कर रहा है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए चुनाव प्रक्रिया का निष्पक्ष होना बेहद जरूरी है।

उत्तर प्रदेश में आगामी चुनावों के मद्देनजर धार्मिक कथाओं के बढ़ते आयोजनों को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि कथाओं का अपना महत्व है, लेकिन धार्मिक मंचों से प्रेम, सद्भाव और सामाजिक एकता का संदेश जाना चाहिए। किसी भी धर्म के मंच का इस्तेमाल नफरत या कट्टरता फैलाने के लिए नहीं होना चाहिए।

दिग्विजय सिंह ने कहा कि सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा के जरिए इन्हीं विचारों और मुद्दों को जनता तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उनकी यात्रा का उद्देश्य राजनीतिक लाभ उठाना नहीं, बल्कि सनातन धर्म के वास्तविक सिद्धांतों को लेकर जनजागरण करना है। झांसी में यात्रा के स्वागत और उनके बयानों के बाद सनातन, हिंदुत्व और मौजूदा राजनीति को लेकर सियासी चर्चा तेज हो गई।

उज्जैन से शुरू हुई सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा अयोध्या तक जाएगी। यात्रा का उत्तर प्रदेश की सीमा में जगह-जगह भव्य स्वागत किया गया। यात्रा में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, समर्थक और संत-महात्मा शामिल हुए।

वैभव सिंह
बुंदेलखंड कनेक्शन

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Previous Story

 रजिस्ट्री में 6.33 लाख की स्टाम्प चोरी का आरोप

Latest from Jhansi

error: Content is protected !!