झांसी। नगर निगम के सफाई कर्मचारियों द्वारा स्थायी नौकरी देने, वेतन बढ़ाने और आउटसोर्सिंग व्यवस्था खत्म करने की मांग को लेकर आंदोलन की तैयारी तेज हो गई है।
सफाई कर्मचारी संघर्ष संयुक्त मोर्चा के महेश काजू ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं हुईं तो प्रदेश के सफाई कर्मचारी दीपावली तक हड़ताल पर जाने का फैसला ले सकते हैं। उन्होंने कहा, “अगर हमारी दीपावली अच्छी नहीं, तो किसी की दीपावली अच्छी नहीं होने देंगे।”
नगर निगम झांसी के तत्वावधान में महर्षि वाल्मीकि उद्यान स्थित मंदिर में आयोजित चिंतन शिविर की शुरुआत भगवान वाल्मीकि के जलाभिषेक से हुई। इसके बाद सुंदरकांड का पाठ और प्रसाद वितरण किया गया। समिति अध्यक्ष एडवोकेट नवीन मट्टू की अध्यक्षता में हुए शिविर में विभिन्न जिलों से आए समाज के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
शिविर में सफाई कर्मचारियों की समस्याओं, समाज की एकजुटता और बच्चों की शिक्षा जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। महेश काजू ने कहा कि पहले सफाई कर्मचारियों को स्थायी नौकरी मिलती थी और वेतन भी बेहतर था, लेकिन आउटसोर्सिंग व्यवस्था के कारण अब कर्मचारियों को नाममात्र का वेतन मिल रहा है। उन्होंने कर्मचारियों को स्थायी करने और वेतन में बढ़ोतरी की मांग उठाई।
उन्होंने बताया कि सफाई कर्मचारी संघर्ष संयुक्त मोर्चा की ओर से 2 नवंबर 2026 को लखनऊ में विधानसभा का घेराव कर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इसमें स्थायी नियुक्ति, वेतन वृद्धि और आउटसोर्सिंग व्यवस्था समाप्त करने की मांग प्रमुखता से उठाई जाएगी। मांगें पूरी नहीं होने पर प्रदेशव्यापी हड़ताल का विकल्प अपनाने की चेतावनी भी दी गई।
महर्षि वाल्मीकि जयंती के दूसरे दिन 25 अक्टूबर को वाल्मीकि जन-संदेश यात्रा के तहत वाहन रैली प्रस्तावित है। कार्यक्रम का संचालन कुंदनलाल नेता और नवलकिशोर पाल ने किया, जबकि अशोक पाल ने आभार व्यक्त किया।
