झांसी। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ ) ने अपराध नियंत्रण अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए रेल संपत्ति चोरी में संलिप्त एक अभियुक्त एवं एक बाल अपचारी को गिरफ्तार किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 09 अप्रैल 2026 को उप निरीक्षक जे.पी. यादव अपने हमराही स्टाफ के साथ सेक्शन गश्त पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति ऐरच रोड स्टेशन के दक्षिण यार्ड में रेल संपत्ति चोरी कर मोटरसाइकिल से ले जाने की फिराक में हैं।
सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरपीएफ टीम ने ऐरच स्टेशन के दक्षिण यार्ड स्थित पुराने स्टेशन भवन के पास दबिश दी, जहां से दो संदिग्धों को मोटरसाइकिल सहित पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार व्यक्तियों में छोटू कुमार (19 वर्ष) एवं एक 14 वर्षीय बाल अपचारी, निवासी ग्राम सेसा, थाना पूछ, जनपद झांसी शामिल हैं।
तलाशी के दौरान उनके कब्जे से एक प्लास्टिक बोरी में जोगल प्लेट, पेंड्राल क्लिप, नट-बोल्ट एवं रेलवे लाइन क्लिप बरामद की गई। जब्त सामग्री का कुल वजन लगभग 28.700 किलोग्राम है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1400 रुपये बताई गई है।
आरपीएफ पोस्ट उरई (आउट पोस्ट मोठ) पर दोनों के विरुद्ध धारा 3 रेलवे संपत्ति (अवैध कब्जा) अधिनियम एवं धारा 147 रेलवे अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
