झांसी। गल्ला मंडी में बारदाने (बोरी) की कमी को लेकर सोमवार को गरौठा विधायक जवाहरलाल राजपूत ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने मोंठ स्थित गल्ला मंडी का औचक निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं में लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई।

निरीक्षण के दौरान सामने आया कि मंडी में गेहूं की खरीद तीन केंद्रों पर सुचारु रूप से चल रही है, लेकिन बारदाने की कमी के चलते किसानों को परेशानी उठानी पड़ रही है। इस पर विधायक ने मौके से ही पीसीएफ (प्रांतीय सहकारी संघ) के अधिकारियों को फोन कर नाराजगी जताई और तत्काल व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।

विधायक ने कहा कि शासन स्तर पर वारदाने की कोई कमी नहीं है, इसके बावजूद मंडी में पर्याप्त उपलब्धता न होना अधिकारियों की लापरवाही को दर्शाता है। उन्होंने निर्देश दिए कि तुरंत पर्याप्त मात्रा में बारदाना उपलब्ध कराया जाए, ताकि किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही मोंठ गल्ला मंडी में बारदाने की आपूर्ति सुनिश्चित कर दी जाएगी और व्यवस्थाएं दुरुस्त की जाएंगी।
इस दौरान क्षेत्रीय विपणन अधिकारी चंद्रपाल राजपूत, एफसीआई केंद्र प्रभारी आकाश खरे, पीसीएफ केंद्र प्रभारी, महेंद्र राजपूत पुजारी, साकेत राजपूत, मुकेश राजपूत बघौनिया एवं पार्षद सौरभ गिरी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
