झांसी। रेलवे संपत्ति पर हाथ साफ करने वाले गिरोह के खिलाफ रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गढ़मऊ रेलवे स्टेशन यार्ड में तेल टैंकर वैगन से डीजल चोरी कर रहे एक आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। हालांकि उसके चार साथी अंधेरे और मौके की अफरा-तफरी का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहे।

आरपीएफ को डीएससीआर/झांसी से मिली गोपनीय सूचना के आधार पर गढ़मऊ रेलवे स्टेशन यार्ड की लूप लाइन संख्या-05 पर छापेमारी की गई। यहां एक तेल टंकी लोड वैगन से हाई स्पीड डीजल (एचएसडी) ऑयल चोरी किया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान आरपीएफ टीम ने शैलेन्द्र उर्फ झांसिया को मौके से दबोच लिया, जबकि उसके अन्य साथी भाग निकले।
तलाशी के दौरान गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से करीब 350 लीटर एचएसडी ऑयल से भरे सात जरीकैन, आठ खाली जरीकैन, करीब डेढ़ इंच व्यास का प्लास्टिक पाइप, 350 रुपये नकद तथा एक मोटरोला कीपैड मोबाइल फोन बरामद किया गया। बरामद रेलवे संपत्ति की अनुमानित कीमत 31,500 रुपये आंकी गई है।
आरपीएफ ने इस मामले में अपराध संख्या-16/2026 दर्ज करते हुए रेलवे संपत्ति (विधिविरुद्ध कब्जा) अधिनियम की धारा-03 के तहत मुकदमा कायम किया है। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने अपने फरार साथियों के नाम धीरज उर्फ धीरू, नीरज, अभिषेक तथा धर्मेन्द्र (पिकअप चालक) बताए हैं। आरपीएफ ने फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि आरोपी लंबे समय से रेलवे के तेल टैंकर वैगनों को निशाना बनाकर डीजल चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे। आरपीएफ अब इस गिरोह के नेटवर्क और पूर्व में हुई संभावित वारदातों की भी जांच कर रही है।
वैभव सिंह
बुंदेलखंड कनेक्शन
