झांसी। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत भारतीय जनता पार्टी ( भाजपा) के विभिन्न सांगठनिक मंडलों में बुधवार को देशभक्ति और उत्साह के बीच भव्य तिरंगा यात्राएं निकाली गईं।

हाथों में राष्ट्रध्वज थामे युवाओं, विद्यार्थियों, महिलाओं और आम नागरिकों ने भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारों के साथ राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। कई स्थानों पर स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों ने पुष्पवर्षा कर यात्राओं का स्वागत किया।
सिविल लाइंस मंडल में तिरंगा यात्रा का शुभारंभ शहीद पार्क, झोकन बाग से नगर विधायक रवि शर्मा के नेतृत्व में हुआ। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के दौरान राष्ट्रीय ध्वज के क्रमिक विकास की जानकारी देते हुए कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ केवल कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के प्रति सम्मान, गौरव और एकजुटता की सामूहिक भावना का प्रतीक है।
बड़ागांव मंडल की यात्रा में बबीना विधायक राजीव सिंह पारीछा ने कहा कि तिरंगा भारत की आन, बान और शान तथा स्वतंत्रता सेनानियों के सर्वोच्च त्याग की अमिट पहचान है। उन्होंने राष्ट्रध्वज, राष्ट्रगान और देश की सांस्कृतिक विरासत के प्रति सम्मान को प्रत्येक नागरिक का दायित्व बताया।
बरुआसागर मंडल में भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सिंह ने तिरंगा यात्रा का शुभारंभ किया। यात्रा में 211 फीट लंबे विशाल तिरंगे ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। जिलाध्यक्ष ने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। यात्रा का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को राष्ट्रप्रेम की भावना से जोड़ना और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाना है।
शिवाजी नगर मंडल की यात्रा में विधान परिषद सदस्य रमा निरंजन, महापौर बिहारी लाल आर्य और अभियान संयोजक अमित साहू शामिल हुए। यात्रा का जगह-जगह व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। वहीं सीपरी मंडल में गौड़ बाबा मंदिर परिसर से नंदनपुरा चौराहे तक तिरंगा यात्रा निकाली गई। यहां भी नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया।
यात्राओं में पूर्व जिलाध्यक्ष प्रदीप सरावगी, मुकेश मिश्रा, जिला उपाध्यक्ष अभिषेक जैन, संजीव अग्रवाल ‘लाला’, अमर सिंह कुशवाहा, जिला मंत्री मीनू राजावत, मंडल अध्यक्षों समेत पार्टी के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
वैभव सिंह
बुंदेलखंड कनेक्शन
