झांसी। भारतीय जनता पार्टी महानगर झांसी के जिला अध्यक्ष सुधीर सिंह के नेतृत्व में रविवार को जिला कार्यकारिणी की सामूहिक टिफिन बैठक आयोजित की गई। यह बैठक शहर से लगभग 20 किलोमीटर दूर एक सांस्कृतिक, प्राकृतिक एवं ऐतिहासिक स्थल पर संपन्न हुई, जहां श्रेष्ठ उत्तर प्रदेश के निर्माण को लेकर करीब चार घंटे तक मंथन किया गया।

बैठक को तीन सत्रों में विभाजित किया गया। पहले सत्र में पदाधिकारियों का परिचय हुआ, दूसरे सत्र में विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा और राजनीतिक परिचर्चा की गई, जबकि तीसरे सत्र में महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए कार्यक्रम का समापन किया गया।
बैठक में सभी जिला पदाधिकारियों को शक्ति केंद्र प्रवास सुनिश्चित करने का प्रस्ताव पारित किया गया। साथ ही प्रवास पत्रक भरकर कार्यालय में जमा करने के निर्देश दिए गए। संगठनात्मक गतिविधियों को नियमित बनाने के लिए जिला कार्यकारिणी की मासिक बैठक प्रत्येक माह की 5 तारीख, मंडल बैठक 7 तारीख तथा शक्ति केंद्र बैठक 10 तारीख को आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष सुधीर सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है और संगठन को मजबूत बनाए रखना हम सभी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है। उन्होंने “अपना भोजन, अपना पानी—2027 में लिखेंगे नई कहानी” का नारा देते हुए कार्यकर्ताओं से संगठन की मजबूती और विकसित भारत के संकल्प के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन विकास कुशवाहा ने किया, जबकि आभार अरविंद राजपूत ने व्यक्त किया।
बैठक में रानू देवलिया, संजीव अग्रवाल, अभिषेक जैन, मनु सिंह, अमर सिंह कुशवाहा, कपिल बरसानिया, सुधाकर मिश्रा, चेतन ओझा, धीरज अग्रवाल सहित कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
