झांसी। झांसी पुलिस में रिश्वतखोरी का बड़ा मामला सामने आया है। शहर कोतवाली क्षेत्र की बड़ागांव गेट चौकी पर तैनात चौकी प्रभारी ओमकार और सिपाही शशांक त्रिपाठी को एंटी करप्शन टीम ने 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, दोनों पुलिसकर्मियों पर किराना व्यापारी संजय राय का नाम एक मुकदमे से हटाने के बदले 60 हजार रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप है। शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन टीम ने जाल बिछाया और सोमवार को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते समय दोनों आरोपियों को मौके पर ही दबोच लिया।
बताया जा रहा है कि आरोपी पुलिसकर्मी इससे पहले रिश्वत में 60 हज़ार रूपए ले चुके थे। लेकिन इसके बाद उन्होंने और पैसे की मांग शुरू कर दिये , जिसकी शिकायत पीड़ित ने एंटी करप्शन विभाग में कर दी ,जिसके बाद एंटी करप्शन टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

फिलहाल एंटी करप्शन टीम दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। मामले में साक्ष्य जुटाने के साथ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
