झांसी 14 अक्टूबर । वीरांगना नगरी झांसी की प्रभारी मंत्री बेबी रानी मौर्य ने महिला आरक्षण के मुद्दे पर विपक्ष पर सीधा निशाना साधते हुए कहा कि विपक्षी दलों के पास कोई मुद्दा नहीं रह गया है। महिला आरक्षण का मुद्दा कोई नया तो नहीं है जब विपक्षी दल सत्ता में थे तब क्यों नहीं पास किया और अब जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ने यह काम कर दिया है तो आरक्षण में आरक्षण की मुद्दा उठाकर केवल चेहरा चमकाने का काम किया जा रहा है।
नारी शक्ति बंधन अधिनियम महिला सम्मेलन में हिस्सा लेने आयी प्रभारी मंत्री ने विपक्षी दलों को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि जिन्होंने कभी महिला आरक्षण बिल को फाड़ कर फेंक दिया था।
आज वही आरक्षण में आरक्षण की बात कर फिर से मामले को उलझाने का प्रयास कर रहे हैं। प्रधानमंत्री ने महिलाओं के पक्ष में यह बेहद महत्वपूर्ण कार्य किया है।
प्रभारी मंत्री ने कहा “ आज देश की राष्ट्रपति एक महिला हैं। मैं भी एक राज्यपाल रह चुकी हूं। यही नहीं हमारे साथ जो प्रदेश की महिला मोर्चा की अध्यक्ष है, वह भी एक सांसद है। भारतीय जनता पार्टी नारी शक्ति वंदन अधिनियम लाकर महिलाओं को सम्मान देना चाहती है । ”
उन्होंने उपस्थित महिला शक्ति से आह्वान किया कि हमें मोदी जी को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए 2024 में एक बार फिर उनके हाथ मजबूत करने का काम करना चाहिए। इसके लिए हमें आज संकल्प लेना होगा।
इस अवसर पर कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष गीता शाक्य ने कहा कि आज का भारत सशक्त नारियों का भारत है।आज का नया भारत सुमित्रा कुमारी चौहान का भारत है, बेबी रानी मौर्य का भारत है, झांसी की सुमन पुरोहित का भारत है, स्मृति ईरानी का भारत है ,विदुषी नेत्री सुषमा स्वराज का भारत है, इसलिए इस नए भारत में महिलाओं को नारी शक्ति वंदन अधिनियम से सम्मानित किया जा रहा है।
इस अवसर पर सांसद अनुराग शर्मा, महापौर बिहारी लाल आर्य,सदर विधायक रवि शर्मा, एमएलसी रमन निरंजन, एमएलसी बाबूलाल तिवारी व जिला पंचायत अध्यक्ष पवन गौतम
आदि ने भी अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी को धन्यवाद व्यापित किया । कार्यक्रम की अध्यक्षता इंद्रा गुप्ता ने की। सभी का आभार महानगर अध्यक्ष हेमंत परिहार ने व्यक्त किया।
वैभव सिंह
बुंदेलखंड कनेक्शन