मोर्चा अध्यक्ष भानू सहाय के अनुसार, सोमवार रात करीब 11 बजे पुलिस उनके आवास पहुंची और सोते से उठाकर अनशन की अनुमति निरस्त किए जाने का पत्र रिसीव कराया। इसके बाद पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत तीनों नेताओं ने अनशन शुरू कर दिया और रात भी खुले आसमान के नीचे बिताने का निर्णय लिया।
अनशन के दौरान बुंदेलखंड राज्य का शीघ्र निर्माण, बुंदेलखंड विश्वविद्यालय को स्ववित्तपोषित व्यवस्था से हटाकर 100 प्रतिशत सरकारी अनुदान, मेडिकल कॉलेजों व जिला अस्पतालों में रिक्त पदों को समयबद्ध भरने, महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में एम्स की स्थापना के प्रस्ताव को मंजूरी तथा अवैध नर्सिंग कॉलेजों के खिलाफ कार्रवाई जैसी मांगें उठाई गईं।
श्री सहाय ने कहा कि बुंदेलखंड की मांगों को उठाना यदि अपराध है तो यह अपराध बार-बार किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र के कुछ लोग स्वार्थ, भय और चाटुकारिता के चलते संघर्ष से पीछे हट रहे हैं, लेकिन बुंदेलखंड के अधिकारों की लड़ाई जारी रहेगी।
सत्याग्रह को समर्थन देने के लिए प्रदीप जैन आदित्य, राज्यमंत्री हरगोविंद कुशवाहा सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, अधिवक्ताओं और कार्यकर्ताओं ने पहुंचकर सहभागिता की। इस दौरान अशोक सक्सेना, राजेंद्र शर्मा, रघुराज शर्मा, सीडी लिटौरिया, उत्कर्ष साहू, पंकज रावत, रामजी पारीछा, महेंद्र श्रीवास्तव, बृजेश राय, प्रदीप गुर्जर सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
