झांसी।जनपद के बबीना विधानसभा क्षेत्र में ग्रामीण सुविधाओं के विस्तार के लिए विधायक राजीव सिंह पारीछा के प्रस्ताव पर वर्ष 2022-26 के अंतर्गत 795.56 लाख रुपये की लागत से 17 सामुदायिक भवनों का निर्माण कराया जा रहा है। इनमें बबीना ब्लॉक के 12, बड़ागांव के चार और चिरगांव ब्लॉक का एक भवन शामिल है। निर्माण कार्य विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं के माध्यम से कराया जा रहा है।
बबीना ब्लॉक में बबीना ग्रामीण, बड़ी माता मंदिर के पास, रसीना के मजरा रतनपुरा, डगरिया कला, घिसौली के जौनपुर, बबीना ग्रामीण में सिख और नामदेव समाज के लिए, आराजी संख्या 2541, बघौरा, पलींदा, सुकुवां में महारानी अवंती बाई लोधी के नाम पर तथा खजराहा खुर्द में बाबू कल्याण सिंह के नाम पर सामुदायिक भवनों का निर्माण शामिल है।
बड़ागांव ब्लॉक के छपरा, आरी, जौरी बुजुर्ग और जरबो में सामुदायिक भवन बनाए जा रहे हैं। वहीं चिरगांव देहात में औपारा रोड पानी की टंकी के पास आराजी संख्या 2873 पर कुशवाहा समाज के लिए 164.59 लाख रुपये की लागत से भवन प्रस्तावित है। ग्राम पलींदा में 175.81 लाख और घिसौली में 131.97 लाख रुपये के निर्माण कार्य भी योजना में शामिल हैं। कार्यों में ग्रामीण अभियंत्रण सेवा, बीवीएन (राज्यांश), त्वरित आर्थिक विकास योजना और यूपी प्रोजेक्ट्स कार्पोरेशन लिमिटेड की भूमिका है।
विधायक ने कहा
विधायक राजीव सिंह पारीछा ने कहा कि बबीना विधानसभा उनका परिवार है और प्रयास है कि कोई भी गांव सामुदायिक भवन से वंचित न रहे। विकास केवल सड़क और बिजली तक सीमित नहीं, बल्कि सामाजिक ढांचे को मजबूत करना भी है। भवनों से शादी-विवाह, बैठकों, महिला समूहों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए ग्रामीणों को सुविधा मिलेगी। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित कराने की बात कही।
ग्रामीणों ने भी सामुदायिक भवनों के निर्माण पर खुशी जताते हुए कहा कि इससे सामाजिक आयोजनों के लिए स्थान की समस्या दूर होगी और गांवों में सामुदायिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
