झांसी। महानगर स्थित बुंदेलखंड डिग्री कॉलेज परिसर में सोमवार को आयोजित वृहद रोजगार मेले में 3008 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया, जिनमें 1673 युवाओं का प्राथमिक रूप से चयन किया गया।
उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय की ओर से आयोजित मेले का शुभारंभ प्रभारी मंत्री एवं पर्यटन व संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने फीता काटकर किया। मंत्री ने कहा कि बुंदेलखंड अब रोजगार तलाशने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला क्षेत्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। यहां रक्षा क्षेत्र की इकाइयों और बड़ी कंपनियों के निवेश से युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे के आसपास रक्षा क्षेत्र की इकाइयां और बड़ी कंपनियां स्थापित हो रही हैं, जिससे आने वाले समय में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। स्थानीय स्तर पर रोजगार मिलने से पलायन भी रुकेगा। उन्होंने युवाओं से मेहनत, कौशल और सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया।
रोजगार मेले में 44 कंपनियों ने सहभागिता की। इसमें 3008 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया, जिनमें 1673 युवाओं का प्राथमिक रूप से चयन किया गया। मंत्री ने चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
