झांसी। यातायात पुलिस ने नवरात्रि पर्व पर पंचकुइयाँ मंदिर और आस पास के क्षेत्र में भक्तों की संभावित भीड़ के मद्देनज़र इस क्षेत्र में रास्ते बदलें है। इसका उद्देश्य शहर में जाम की स्थिति रोकना है साथ ही श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और आवागमन सुचारु बनाए रखना है।
खंडेराव गेट और पंचकुइयाँ मंदिर की ओर जाने वाले पांच मार्गों पर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इनमें तीन पहिया और चार पहिया वाहन शामिल हैं। वाहन चालकों को वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करना होगा।
नवरात्रि पर रास्ते बदले—इन मार्गों पर रहेगा प्रतिबंध
1 -खंडेराव गेट से कोतवाली की ओर: इस मार्ग पर तीन पहिया और चार पहिया वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
2 -महिला चिकित्सालय तिराहा से खंडेराव गेट की ओर: इस रास्ते से तीन पहिया और चार पहिया वाहन नहीं जा सकेंगे।
3 -खंडेराव गेट हनुमान मंदिर गली: यहाँ से पंचकुइयाँ मंदिर की ओर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
4 -मटका वाली गली तिराहा: इस तिराहे से पंचकुइयाँ मंदिर की तरफ जाने वाले वाहनों को प्रवेश नहीं मिलेगा।
5 -गणपति तिराहा, मुस्कान लेडीज टेलर्स: यहाँ से पंचकुइयाँ मंदिर की ओर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
6 -आपातकालीन वाहनों को मिलेगी छूट
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आपातकालीन सेवाओं पर प्रतिबंध लागू नहीं होगा। एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड को प्राथमिकता के आधार पर रास्ता दिया जाएगा। अन्य अति-आवश्यक सेवाओं के वाहनों को भी छूट मिलेगी।
यातायात पुलिस की अपील:
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से नियमों का पालन करने की अपील की है। प्रतिबंधित रास्तों पर जाने से बचें। वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें। चौराहों पर तैनात पुलिसकर्मियों का सहयोग करें। इससे जाम से बचने में मदद मिलेगी। साथ ही श्रद्धालुओं को भी आवागमन में परेशानी नहीं होगी।
पुलिस ने नवरात्रि का पर्व सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए आमजन से सहयोग की अपील की है।
वैभव सिंह
बुंदेलखंड कनेक्शन
