झांसी। झांसी रेल मंडल प्रशासन ने लंबे समय से लंबित पेंशन संशोधन के मामले में दिवंगत रेलकर्मी की विधवा को राहत दिलाई है। स्वर्गीय रामगोपाल, जो मेल लोको पायलट पद से सेवानिवृत्त हुए थे, उनके निधन के बाद पत्नी कमला देवी की पेंशन चौथे वेतन आयोग के बाद संशोधित नहीं हो सकी थी।
आवेदन मिलने के बाद कार्मिक विभाग ने सेवा अभिलेखों की जांच कर वेतन एवं पेंशन का पुनर्निर्धारण किया। लेखा विभाग के समन्वय से नया संशोधित पीपीओ जारी किया गया। अब कमला देवी को सातवें वेतन आयोग के अनुरूप संशोधित पेंशन के साथ पूर्व अवधि का बकाया एरियर भी बैंक खाते के माध्यम से मिलेगा।
मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार ने कहा कि सेवानिवृत्त रेल कर्मचारियों और उनके आश्रितों से जुड़े पेंशन प्रकरणों का समयबद्ध समाधान रेलवे की प्राथमिकता है। लंबे समय से लंबित इस प्रकरण का निस्तारण कर आवेदिका को नियमानुसार लाभ दिलाया गया है।
लंबे समय बाद पेंशन संशोधन का लाभ मिलने पर कमला देवी ने रेल प्रशासन के प्रति आभार जताया।
