झांसी । जनपद के मऊरानीपुर नगर से होकर गुजरने वाली सुखनई नदी में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक अचानक नदी में जा गिरा। युवक को नदी में गिरते देख आसपास मौजूद राहगीरों और स्थानीय लोगों ने तत्काल नदी में उतरकर उसे बाहर निकाल लिया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, युवक नशे की हालत में था और इसी दौरान वह नदी में गिर गया। उसे डूबता देख लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बाहर निकाला। इसके बाद युवक को उपचार के लिए मऊरानीपुर स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।
घटना के दौरान मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने इसका वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई।
बताया जा रहा है कि नदी और जलस्रोतों के आसपास सावधानी बरतने के लिए प्रशासन की ओर से लगातार लोगों को जागरूक किया जाता रहा है। इसके बावजूद लापरवाही के कारण ऐसे हादसे सामने आते रहते हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
